हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के लालूवाल में हरोली पुलिस ने एक दुकान पर छापा मारकर पंजाब के एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने युवक से 1.23 ग्राम चिट्टा, 6.34 ग्राम भुक्की और 1080 रुपए ड्रग मनी बरामद की है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंजाब के होशियारपुर जिले के जंडियाला गांव निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई है। उसके खिलाफ हरोली पुलिस थाना में मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को हरोली पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद प्रभारी सुनील कुमार संख्यान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लालूवाल स्थित दुकान पर छापा मारा। मौके से बरामदगी के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दुकान पर मौजूद पांच अन्य युवकों का भी मेडिकल करवाया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। हरोली पुलिस थाना प्रभारी सुनील कुमार संख्यान ने बताया कि पुलिस पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी चिट्टे की खेप कहां से लाया था और ऊना में उसका नेटवर्क किसके साथ है। पुलिस उसके सोर्स का पता लगा रही है। एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने कहा कि मादक द्रव्य अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।