जिला ऊना के पीर-निगाह के समीप टांडा अनोखा में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में 13 श्रद्धालु जख्मी हुए हैं। सभी घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती कराया गया है। यहां से एक युवक को गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया है। घायलों में महिला, पुरुषों संग बच्चे भी शामिल हैं। सूचना पर पुलिस थाना ऊना की टीम पहुंची है। हरियाणा के कुरुक्षेत्र से करीब 30 श्रद्धालुओं का जत्था बाबा बालक नाथ मंदिर में दर्शन के लिए गया था। दर्शन के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर नैना देवी मंदिर की ओर लौट रहे थे। अनोखा टांडा के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 13 श्रद्धालु घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें कुशल निवासी कुरुक्षेत्र को पीजीआई रेफर किया है। पुलिस क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में घायलों के बयान दर्ज किए किए। पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।