ऊना में LPG टैंकर की दो टिप्परों से टक्कर:बाइक ओवरटेक करते समय बिगड़ा संतुलन; केबिन काट कर निकाले ड्राइवर, हालत गंभीर

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के संतोषगढ़ में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। संतोषगढ़ पुल पर एक एलपीजी टैंकर की सामने से आ रहे दो टिप्परों से टक्कर हो गई। हादसे में तीनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 5 बजे टाहलीवाल-संतोषगढ़ सड़क पर हुआ। एलपीजी टैंकर एक बाइक को ओवरटेक कर रहा था, तभी उसकी संतोषगढ़ की ओर से आ रहे एक टिप्पर से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीछे से आ रहा दूसरा टिप्पर भी आगे चल रहे टिप्पर से जा टकराया। स्थानीय लोगों ने बचाई जान हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने क्षतिग्रस्त वाहनों का अगला हिस्सा तोड़कर घायल चालकों को बाहर निकाला। तीनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। टक्कर में एलपीजी टैंकर और दोनों टिप्परों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने संभाला यातायात, जांच जारी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु करवाया। अधिकारियों ने बताया कि हादसे की गहनता से जांच की जा रही है ताकि लापरवाही के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस तीनों घायल चालकों से भी बयान दर्ज कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *