जालंधर | एआईयू राष्ट्रीय युवा महोत्सव में सीटी ग्रुप के एमबीए प्रथम वर्ष के छात्र शिवांग मिश्रा ने स्वर्ण पदक जीतकर शहर का नाम रोशन किया है। यह आयोजन चेन्नई के सत्यभामा इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी में हुआ, जहां देशभर के 160 से अधिक विश्वविद्यालयों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। शिवांग ने संगीत (नॉन-परकशन) श्रेणी में उपलब्धि हासिल की। प्रतियोगिता का स्तर काफी कठिन था, क्योंकि इसमें केवल जोनल राउंड के विजेता ही भाग लेते हैं। वाराणसी के प्रतिष्ठित संगीत घराने से ताल्लुक रखने वाले शिवांग अपने परिवार की सातवीं पीढ़ी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्हें संगीत की विरासत उनके दादा पंडित अमरनाथ मिश्रा से मिली, जो पंडित रवि शंकर के शिष्य रहे हैं। छह वर्ष की उम्र से संगीत साधना शुरू करने वाले शिवांग को उनके पिता ने शास्त्रीय संगीत की गहराइयों से परिचित कराया। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने परिवार और प्रसिद्ध सितार वादक पूर्वायन चटर्जी की प्रेरणा को दिया। इस उपलब्धि पर चेयरमैन चरणजीत सिंह चन्नी और मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. मनबीर सिंह ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा है।