एचपीएल कंपनी करेगी स्ट्रीट लाइटों की मेंटेनेंस

भास्कर न्यूज| जालंधर शहर की सड़कों और गलियों में खराब स्ट्रीट लाइट्स की समस्या को हल करने के लिए निगम ने कड़ा रुख अपनाया है। वीरवार को निगम कार्यालय में मेयर वनीत धीर और कमिश्नर संदीप ऋषि ने लाइट ब्रांच के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में स्मार्ट सिटी के एलईडी लाइट की एचपीएल कंपनी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर की सभी स्ट्रीट लाइटों की मेंटेनेंस (रखरखाव) का जिम्मा अब पूरी तरह से एचपीएल कंपनी का ही होगा। अक्सर लाइटों के खराब होने पर जिम्मेदारी को लेकर असमंजस की स्थिति रहती थी, जिसे अब दूर कर दिया गया है। कंपनी को निर्देश दिए गए हैं कि शहर के किसी भी कोने में अंधेरा न रहे और शिकायतों का निपटारा तय समय सीमा के भीतर किया जाए। बैठक के दौरान वार्डों में काम करने वाली मेंटेनेंस टीमों का वैरिफिकेशन भी किया गया। अधिकारियों ने उन सभी टीमों के रिकॉर्ड और संख्या की पड़ताल की, जो फील्ड में जाकर लाइटें ठीक करने का दावा करती हैं। इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि कंपनी के पास पर्याप्त मैनपावर और संसाधन मौजूद हैं या नहीं। इस मौके पर कंपनी को नाइट पेट्रोलिंग तेज करने के निर्देश दिए हैं, ताकि मुख्य सड़कों के साथ-साथ आंतरिक गलियों की लाइटें भी सुचारू रूप से जलती रहें। मेयर वनीत धीर ने स्पष्ट किया कि लाइट ब्रांच के अधिकारी नियमित रूप से कंपनी के काम की मॉनिटरिंग करेंगे। यदि किसी वार्ड में मेंटेनेंस में कोताही पाई गई, तो संबंधित कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस नंबर पर शिकायत दर्ज करे इस संबंध में एलईडी लाइट प्रोजेक्ट के प्रभारी रामकुमार दाहिया ने कहा कि शहर में एलईडी लाइट बंद होने पर कंपनी के नंबर -0181- 058966 पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इस नंबर पर सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक शिकायतें दर्ज होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *