भास्कर न्यूज | लुधियाना लुधियाना के मिनी सचिवालय स्थित बहुमंजिला पार्किंग की हालत बेहद खराब हो चुकी है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेताओं ने प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि रंगला पंजाब के विज्ञापनों पर करोड़ों खर्च किए जा रहे हैं, जबकि एडीसी (डेवलपमेंट) कार्यालय के सामने बनी इस पार्किंग में गंदगी का अंबार लगा है। जिला सचिव डीपी मौड़ और एमएस भाटिया ने बताया कि पार्किंग की सफाई की जिम्मेदारी तय नहीं है। डिप्टी कमिश्नर और एडीसी कार्यालय के पास होने के बावजूद यहां सीढ़ियों और कोनों में इतनी गंदगी है कि लोगों का खड़ा होना भी मुश्किल है। शौचालयों की स्थिति भी बेहद खराब है। नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि पार्किंग की लिफ्ट लंबे समय से बंद पड़ी है, जिससे चौथी मंजिल पर वाहन खड़ा करने वालों को सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ता है। यह स्थिति खासकर हार्ट और बीपी के मरीजों के लिए खतरनाक है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी अनहोनी से पहले लिफ्ट को तुरंत चालू किया जाए। नगर निगम जोन-A की पार्किंग की हालत भी इसी तरह खराब बताई गई है।