एमएलए बग्गा उद्घाटन करने पहुंचे, लोगों ने घेरा, बोले-पहले खोदी सड़कें बनाओ

विकास कार्यों के बीच तालमेल की कमी अब सड़कों पर दिखने लगी है। हलका नॉर्थ के अधीन आते वार्ड-70 में मंगलवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब विधायक मदन लाल बग्गा सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन करने पहुंचे। लेकिन, लोगों ने अधूरे पड़े काम को लेकर उन्हें घेर लिया। स्थानीय लोगों का आरोप था कि कई गलियों में काम बीच में रोक दिया गया है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। ऐसे में नई गली में काम शुरू करने की बजाय पहले पुराने अधूरे काम पूरे किए जाएं। विधायक मदन लाल बग्गा नगर निगम अधिकारियों के साथ प्रेम नगर इलाके में पहुंचे थे। यहां पहले से खोदी गई गली में काम दोबारा शुरू होना था, लेकिन वे दूसरी गली में चले गए। इसी बात पर इलाके के लोगों और पार्षद का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए इलाके के लोग और महिलाएं नारेबाजी करने लगे और कहते नजर आए कि पहले अधूरे काम पूरे करो। उनका कहना था कि कई गलियां खोदकर छोड़ दी गई हैं, जिससे आवाजाही मुश्किल हो गई है। इस दौरान इलाके के प्रदर्शन में युवाओं ने भी हिस्सा लिया। उनका कहना था कि रिकॉर्ड में साफ लिखा है कि ये काम पार्षद कोटे के हैं, फिर भी इन्हें रोका गया। उन्होंने काम में भेदभाव के आरोप लगाए। भाजपा पार्षद का निगम से सवाल किसके आदेश पर रुके काम: भाजपा पार्षद सुमन वर्मा ने भी खुलकर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि गली निर्माण, ट्यूबवेल और पार्क के काम पहले ही पार्षद कोटे से मंजूर हो चुके हैं। उन्होंने निगम के अधिकारियों पर सवाल उठाया कि काम किसके निर्देश पर रोके गए हैं, ऊपरी स्तर पर कौन है जो दखल दे रहा है, उसके बारे में साफ बताया जाए। उन्होंने मेयर इंद्रजीत कौर और निगम कमिश्नर डा नीरू कत्याल गुप्ता से मांग की कि बिना देरी के सभी अधूरे काम फिर से शुरू किए जाएं। {विधायक का जवाब कोई काम नहीं रुकवाया: विवाद बढ़ने पर विधायक मदन लाल बग्गा ने आरोपों से इनकार किया। उन्होंने कहा कि विधायक पूरे विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करता है। किसी भी वार्ड में जाकर काम शुरू कर सकता है। अधिकारियों को पहले ही निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी विकास कार्य न रुके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *