एयर शो को लेकर चंडीगढ़ में रूट डायवर्ट:सुखना लेक के आसपास ट्रैफिक पर रोक; एडवाइजरी की जारी, 7 पिकअप-ड्रॉप प्वाइंट बनाए

चंडीगढ़ में होने वाले एयर शो को लेकर प्रशासन और पुलिस ने बड़े स्तर पर ट्रैफिक रूट डायवर्ट करने का फैसला लिया है। सुखना लेक के आसपास भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए निजी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाई जाएगी। प्रशासन के अनुसार, एयर शो के दौरान लोगों की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। शहर में विभिन्न स्थानों से आने वाले दर्शकों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी को परेशानी न हो। सीटीयू बसों से लोगों को सुखना लेक तक पहुंचाया जाएगा दर्शकों की सुविधा के लिए शहर में 7 निर्धारित पिकअप और ड्रॉप प्वाइंट तय किए गए हैं, जहां से सीटीयू बसों के जरिए लोगों को सुखना लेक तक पहुंचाया जाएगा। प्रशासन ने अपील की है कि लोग अपने निजी वाहन इन स्थानों पर पार्क कर बस सेवा का ही उपयोग करें। 6 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को साथ लाने की मनाही एयर शो के दौरान सुखना लेक और आसपास के क्षेत्रों में निजी वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी। केवल आपातकालीन सेवाओं और अधिकृत वाहनों को ही अनुमति दी जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे 6 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को साथ न लाएं। साथ ही बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को भी भीड़ से बचने की सलाह दी गई है। सुरक्षा के लिए कई विभाग तैनात एयर शो को सफल बनाने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, अग्निशमन सेवाएं और अन्य एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं। सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुखना लेक पर रोजाना सीमित संख्या में ही लोगों को प्रवेश दिया जाएगा, ताकि भीड़ को नियंत्रित रखा जा सके और सभी दर्शक आराम से एयर शो का आनंद ले सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *