एसजीपीसी देगी यूपीएससी पास सिख छात्रों को ₹1 लाख:अमृतसर में अ​ध्यक्ष एडवोकेट धामी ने की घोषणा, किया जाएगा सम्मानित

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले सिख छात्रों को बधाई दी है। उन्होंने घोषणा की है कि एसजीपीसी इन छात्रों को एक-एक लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान करेगी। एडवोकेट धामी ने एक प्रेस बयान में कहा कि यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में सफलता युवाओं की मेहनत, लगन और दृढ़ निश्चय का प्रतीक है। उन्होंने सिमरनदीप कौर और सुनवरदीप सिंह सहित अन्य सिख छात्रों की सफलता को सिख समुदाय के लिए गर्व का क्षण बताया। धामी ने कहा कि देशभर में 15वां स्थान प्राप्त करने वाली सिमरनदीप कौर पटियाला के खालसा कॉलेज की छात्रा हैं, जिसका प्रबंधन शिरोमणि कमेटी करती है। उन्होंने यह भी बताया कि एसजीपीसी सिख छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। एडवोकेट धामी ने यह भी बताया कि शिरोमणि कमेटी के आगामी बजट में प्रशासनिक परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक विशेष राशि आवंटित की जाएगी। इसका उद्देश्य जरूरतमंद गुरसिख बच्चों को इस क्षेत्र में सहायता प्रदान करना है। उन्होंने सफल छात्रों और उनके परिवारों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *