ऑनलाइन बिजली बिल कलेक्शन में 42 लाख का गबन:लखपनऊ में कंपनी के कैशियर व जोनल मैनेजर पर केस

लखनऊ में यूपीपीसीएल के ऑनलाइन उपभोक्ताओं से बिजली बिल जमा कराने वाली कंपनी के कर्मचारियों द्वारा लाखों रुपए के गबन का मामला सामने आया है। कंपनी अधिकारियों की जांच के बाद निदेशक की शिकायत पर शनिवार को कृष्णा नगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कंपनी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश विद्युत विभाग में ऑनलाइन बिल कलेक्शन का टेंडर ‘सरल ई सुविधा’ के माध्यम से संचालित होता है, जिसका प्रधान कार्यालय लखनऊ के कानपुर रोड स्थित नीलम हाइट्स बिल्डिंग में है। कंपनी निदेशक अनुराग गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वाराणसी जनपद के जोनल मैनेजर शिवम श्रीवास्तव, कैश कलेक्शन एजेंट सुशील कुमार यादव, प्रिंस वर्मा व अन्य कर्मचारियों ने मिलकर उपभोक्ताओं से जमा किए गए 42.31 लाख रुपए 1 नवंबर को बैंक खाते में जमा नहीं कराए। निदेशक के अनुसार, जब इस संबंध में जोनल मैनेजर से पूछताछ की गई तो उन्होंने रुपये घर में रखे होने और अगले दिन बैंक में जमा कराने की बात कही, लेकिन रकम जमा नहीं की गई। आरोप है कि 6 नवंबर को वाराणसी भेजी गई जांच टीम को भी आरोपितों ने सहयोग नहीं दिया और संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इंस्पेक्टर कृष्णा नगर पीके सिंह ने बताया कि कंपनी निदेशक की शिकायत पर आरोपित कर्मचारियों के खिलाफ गिरोह बनाकर साजिश के तहत रुपए गबन करने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *