ऑनलाइन व्यापार रेगुलेटरी एक्ट के अधीन लाया जाए, सेबी की तरह बोर्ड गठित हो

भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल की ओर से स्थानीय होटल में रविवार को व्यापारी दिवस सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू लाल गुप्ता ने पंजाब में मौजूदा लॉ एंड आर्डर की स्थिति के मद्देनजर सरकार से व्यापारियों की सुरक्षा के लिए विशेष कानून लाने की मांग की। सम्मेलन में व्यापारियों ने सीमांत एरिया को विशेष आर्थिक पैकेज, भारत-पाक वाघा सीमा पर व्यापार खुलवाने और ऑनलाइन व्यापार को रेगुलेटरी एक्ट के अधीन लाने की मांग की। गुप्ता ने कहा कि सरकार चलाने में व्यापारियों के भरे टैक्स का विशेष योगदान होता है। अगर कारोबारी किसी लुटेरे या आतंकियों का शिकार होता है तो ऐसी स्थिति में व्यापारी या परिजन मुआवजे के हकदार हैं। राष्ट्रीय महासचिव मुकंद मिश्रा ने ऑनलाइन व्यापार की खामियों का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार से मांग की कि सेबी की तरह ऑनलाइन व्यापार को भी रेगुलेटरी एक्ट के अधीन लाया जाना चाहिए। इसके लिए अलग से सेबी की तरह बोर्ड का गठन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि ई कॉमर्स कंपनियों का मुख्य मकसद भारत के व्यापारिक हितों को नुक्सान पहुंचाना है। उक्त विदेशी कंपनियों का मुखय मकसद देश में व्यापार कम बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाना ज्यादा है। दस साल में ऐसी ऑनलाइन कंपनियों ने यही काम किया है। वहीं राष्ट्रीय प्रधान गुप्ता ने कहा कि व्यापार मंडल के प्रयासों से अब व्यापार भारतीय खाद्य सुरक्षा एंड स्टेंडर्ड अथारिटी आफ इंडिया (एफएसएसएएआई) के लिए एक बार ही लाइसेंस हासिल करना होगा। बार-बार लाइसेंस हासिल करने की कोई जरूरत नहीं रह गई है। व्यापार मंडल के प्रयासों के नतीजतन केंद्र सरकार यह व्यवस्था एक अप्रैल से देश भर में लागू करने जा रही है। पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल के प्रधान प्यारे लाल सेठ ने कहा कि केंद्र सरकार देश के व्यापारियों को नियंत्रित करने को प्रयासरत है। व्यापारियों को नियंत्रित करने के लिए केंद्र सरकार रिमोट कंट्रोल अपने हाथों में रखे हुए है। व्यापार से केंद्र का नियंत्रण कम होना चाहिए व्यापारियों को व्यापार करने की खुली आजादी होनी चाहिए। केंद्र ने व्यापारियो को विभिन्न टैक्सों व दबावों के माध्यम से अपने नियंत्रण में ले रखा है। सम्मेलन में पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल की 52 एसोसिएशनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सम्मेलन को रंजन अग्रवाल, समीर जैन और सुरिंदर दुग्गल ने भी संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *