लखनऊ। बिहार विधानसभा चुनाव में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी 80 सीटों पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के खिलाफ चुनाव लड़ेगी। सीट शेयरिंग में एक भी सीट नहीं मिलने से नाराज सुभासपा बुधवार को पटना में प्रेस कांफ्रेंस कर 80 सीटों पर प्रत्याशी घोषित करेगी। सुभासपा के महासचिव अरविंद राजभर ने दैनिक भास्कर डिजिटल से बातचीत में बताया कि पहले पार्टी की केवल 53 सीट पर चुनाव लड़ने की तैयारी थी। लेकिन बिहार में करीब डेढ़ सौ से अधिक सीटों पर पार्टी को प्रत्याशी मिल गए हैं। एक-एक सीट पर सुभासपा के टिकट के लिए कई दावेदार भी हैं। उन्होंने बताया कि बीजेपी ने गठबंधन में टिकट नहीं दिया इसलिए बिहार में सुभासपा अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। उनका कहना है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृहमंत्री अमित शाह से भी इस संबंध में बात की थी। लेकिन वहां से कोई जवाब नहीं मिला इसके बाद पार्टी ने बिहार में एनडीए से अलग होकर प्रत्याशी उतारने का निर्णय किया है। उन्होंने बताया कि बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस कर प्रत्याशी घोषित किए जाएंगे। संगठन महामंत्री से भी नहीं मिला आश्वासन बिहार में भाजपा के संगठन महामंत्री नागेंद्र कुमार से भी मंगलवार को अरविंद राजभर की बातचीत हुई। नागेंद्र कुमार ने भी उन्हें थोड़ा इंतजार करने को कहा, लेकिन कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया। अरविंद का कहना है कि 17 अक्टूबर नामांकन की अंतिम तिथि है, ऐसे में ज्यादा इंतजार अब नहीं किया जा सकता है। कहीं दबाव की राजनीति तो नहीं राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि सुभासपा बिहार चुनाव के जरिए भाजपा पर दबाव की राजनीति कर रही है। बिहार में यदि भाजपा नेतृत्व ने सुभासपा के नेतृत्व को चुनाव मैदान से बाहर रहने के लिए सहमत किया तो उसके बदले में यूपी में कोई बड़ी राजनीतिक सौदेबाजी होगी। इसमें पंचायत चुनाव में एक-दो जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष और पांच से दस ब्लॉक में प्रमुख प्रमुख की कुर्सी भी हो सकती है। भाजपा ने दिया था आश्वासन सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने बीते दिनों प्रेस से बातचीत में बताया था कि वह बिहार में 28 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। लेकिन बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उन्हें अकेले चुनाव लड़ने की जगह एनडीए के साथ आने का प्रस्ताव दिया। राजभर ने उम्मीद जताई थी कि उन्हें सम्मानजनक सीटें गठबंधन में मिल जाएंगी। केंद्रीय नेतृत्व का विषय भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी का कहना है कि बिहार चुनाव में सीट बंटवारा केंद्रीय नेतृत्व का विषय है। सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के साथ क्या बातचीत हुई इसकी जानकारी नहीं हैं।