औरंगाबाद में पत्नी ने माता-पिता से करवाई पति की हत्या:शराब पिलाकर गला घोंटा, पेड़ से लटकाई बॉडी; भाई बोला-अक्सर हत्या की धमकी देती थी

औरंगाबाद में एक महिला ने घरेलू विवाद में अपने ही पति की हत्या करवा दी। महिला के पति का शव उसके घर से 200 मीटर दूर 18 फरवरी को एक पेड़ से लटका मिला था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। मृतक की पहचान रंजीत कुमार (22) के रूप में की गई। रंजीत के भाई ने हत्या का आरोप भाभी पर लगाया था। सदर SDPO चंदन कुमार ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि इस मामले में मृतक की पत्नी, सास-ससुर, साला समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। अब सिलसिलेवार जानिए घटनाक्रम… ससुराल से मिली घटना की सूचना रंजीत 16 फरवरी को अपनी पत्नी के साथ ससुराल गया था। दो दिन बाद रंजीत के ससुराल से कुछ लोगों ने बड़े भाई को फोन कर बताया कि तुम्हारे भाई की पेड़ से लटकी लाश मिली है। सूचना मिलने के बाद रंजीत का बड़ा भाई जितेंद्र मौके पर पहुंचा। जितेंद्र ने हत्या की आशंका जताते हुए देव थाने में FIR दर्ज कराई और हत्या का आरोप रंजीत के ससुरालवालों पर लगाया। FIR दर्ज होने के बाद SP अंबरीश राहुल के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया। एसआईटी का नेतृत्व एसडीपीओ सदर-2 चंदन कुमार कर रहे थे। टीम ने जांच तेज की और घटना के 48 घंटे में पूरे मामले का खुलासा किया। देव थाने की पुलिस ने मृतक की पत्नी प्रियंका कुमारी, सास चांदमुनि देवी, ससुर गणेश रिकीयासन, साला मुन्ना रिकीयासन के अलावा ग्रामीण शिव शंकर पासवान, पिंटू भुइयां, हरेराम भुइयां और कुंदन भुइयां को गिरफ्तार किया है। अब पढ़िए रंजीत के भाई ने पुलिस को दिए आवेदन जितेन्द्र भुइयां ने 19 फरवरी को पुलिस से लिखित शिकायत की। शिकायत में लिखा था- ‘2 साल पहले मेरे छोटे भाई रंजीत की शादी देव थाना क्षेत्र के बेलसारा के रहने वाले गणेश भुइयां की बेटी प्रियंका (19) से हुई थी। शादी के बाद से ही प्रियंका बिना किसी वजह रंजीत से झगड़ा करती थी और बिना कुछ बताए भाग कर मायके चली जाती थी। लड़ाई-झगड़े के बाद रंजीत और मेरे परिवार के सदस्य समझौता कर प्रियंका को घर लाते थे। 28 जनवरी 2026 को मेरे पिता मुनारिका रिकियासन की मृत्यु हो गई। 10 फरवरी को श्राद्ध कार्यक्रम था। प्रियंका कुमारी अपनी मां चनमुनिया देवी के साथ श्राद्ध कार्यक्रम में ससुराल आई थी। श्राद्ध कार्यक्रम के 6 दिन बाद (16 फरवरी) को प्रियंका अपनी मां चनमुनिया देवी और दोनों बेटों के साथ बेलसारा चली गई। रंजीत ही इन तीनों को लेकर गया था। 18 फरवरी को बेलसारा के लोगों ने रंजीत की हत्या की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद मैं तुरंत अपने परिवार के साथ बेलसारा पहुंचा तो देखा की मेरे भाई रंजीत कुमार का शव गांव से कुछ दूरी पर पेड़ से लटका था। मेरे भाई के शरीर पर मारपीट और गले में रस्सी का निशान था।’ जितेंद्र ने आगे बताया कि रंजीत को उसकी पत्नी प्रियंका कुमारी, ससुर गणेश भुइयां, सास चनमुनिया देवी, साला मुन्ना भुइयां, चुन्ना भुइयां और चिंटू भुइयां जान से मारने की धमकी देता था। इन्हीं लोगों ने मिलकर मेरे भाई रंजीत की हत्या की है। अब जानिए, पुलिस जांच में मृतक की पत्नी ने क्या बताया… देव थाना अध्यक्ष सौरभ कुमार ने गिरफ्तार प्रियंका से पूछताछ की। प्रियंका ने पुलिस की पूछताछ में बताया, पति के साथ ससुराल जा रही थी। रास्ते में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद रास्ते में ही रंजीत ने हमारी पिटाई की। मेरी पिटाई के बाद मायके वाले गुस्सा हो गए। फिर उसी रात रंजीत की हत्या की साजिश रची। 17 फरवरी की शाम मेरा भाई रंजीत को शराब पिलाने के बहाने गांव के बाहर बगीचे में ले गया, जहां गांव के कुछ अन्य लोग पहले से मौजूद थे। शराब पिलाने के बाद सभी ने पहले रंजीत की पिटाई की और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद रंजीत के बेल्ट से ही फंदा बनाकर उसकी लाश को पेड़ से लटका दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *