औरैया में सांप की केचुली छोड़कर भागी लड़की का VIDEO:बोली- प्रेमी से शादी कर ली है, घरवालों को परेशान न किया जाए

औरैया में ‘नागिन’ बनने की अफवाह उड़कर घर से भागी युवती ने गुरुवार को एक वीडियो जारी किया है। उसने पीले रंग की साड़ी पहन रखी थी। मांग में सिंदूर, माथे पर बिंदी और गले में मंगलूसूत्र था। युवती ने कहा- मैंने अपनी मर्जी से शादी कर ली है। कोई भी किसी तरह से प्रेमी या उसके घरवालों को परेशान न करे। युवती के साथ उसका प्रेमी भी दिखाई दिया। युवती ने प्रेमी के इंस्टाग्राम अकाउंट से वीडियो जारी किया है। लड़की के पिता ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 3 टीमों का गठन किया। पुलिस इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश कर रही है। मामला फफूंद थाना क्षेत्र के गांव सींगनपुर का है। 2 फोटो देखिए… अब जानिए पूरी कहानी… सींगनपुर गांव के रहने वाले राकेश वाल्मीकि की 5 बेटियां और 2 बेटे हैं। 4 बेटियों की शादी हो चुकी है। राकेश की छोटी बेटी रीना (21 साल) ने गांव के ही एक स्कूल से 8वीं तक पढ़ाई की है। उसका गांव के ही एक युवक से अफेयर है। परिजन उसकी शादी कहीं और तय कर रहे थे। लेकिन वह अपने प्रेमी से ही शादी करना चाहती थी। युवती ने घर से भागने के लिए फिल्मी अंदाज में योजना बनाई। 10 फरवरी की रात उसने अपने कपड़ों में सांप की केंचुली लपेटकर बिस्तर पर रख दिया और घर से चली गई। अगले दिन सुबह जब परिजनों ने केंचुली देखी तो गांव में ‘नागिन’ बनने जैसी अफवाह फैल गई। युवती के पास मोबाइल फोन नहीं था। वह अपनी मां के कीपैड मोबाइल से बातचीत करती थी। पुलिस ने उस नंबर को सर्विलांस पर लगाया, जिसमें एक युवक का नंबर ट्रेस हुआ। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। घटना के बाद से युवक के घरवालों के मोबाइल नंबर बंद हैं। घर पर भी ताला लगा है। तीन माह पहले गई थी शेषनाग मंदिर
परिजनों के अनुसार, करीब 3 माह पहले युवती मैनपुरी के कुम्हेल स्थित शेषनाग मंदिर गई थी, जहां से वह शेषनाग की मूर्ति लेकर आई थी। इसके बाद वह अक्सर सपने में सांप दिखने और रात में सांप के पास लेटने जैसी बातें किया करती थी। घटना के बाद से घर पर रिश्तेदारों और ग्रामीणों की भीड़ लगने लगी थी। इंस्टाग्राम पर शादी का वीडियो वायरल
गुरुवार दोपहर करीब दो बजे रीना ने अपने प्रेमी श्याम जी शर्मा की इंस्टाग्राम आईडी “जय महाकाल” से वीडियो पोस्ट किए। पहला वीडियो 11 सेकेंड और दूसरा 34 सेकेंड का है। पहले वीडियो में रीना के साथ उसका प्रेमी भी है। वह कह रही है कि मैंने शादी कर ली है, यह मेरे पति हैं, अगर इनके घर वालों को कुछ दिक्कत हुई तो मेरे घर वालों का नाम लगेगा। दूसरे वीडियो में वह कह रही मैंने अपनी मर्जी से शादी कर ली है। मेरा मन था, इससे ही शादी करूं। मैंने खुद इससे बोला कि आज हम लोग शादी करेंगे। मैंने खुद जबरदस्ती की शादी के लिए। यह उसके फोटो हैं। आप देख सकते हो। मैंने खुद अपनी मर्जी से की है शादी। इसमें किसी का हाथ नहीं है। प्लीज कोई टॉर्चर न करे, मैं बस यही चाहती हूं। पुलिस बोली- लोकेशन ट्रेस की जा रही
थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया- युवती की तलाश के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। सर्विलांस की मदद से इंस्टाग्राम आईडी और मोबाइल नंबर के जरिए लोकेशन पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है। ———————— ये खबर भी पढ़ें SP पर कार्बाइन से गोलियां बरसाईं, एनकाउंटर में मारा गया:वर्दी में लूटता था अमजद; मुजफ्फरनगर में गोली खत्म होने तक की फायरिंग मुजफ्फरनगर में पुलिस ने 50 हजार के इनामी बदमाश अमजद को एनकाउंटर में मार गिराया। गुरुवार तड़के साढ़े तीन बजे पुलिस को सूचना मिली कि बदमाश अपने गांव आ रहा है। इसके आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। पूरी खबर पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *