कनाडा के सांसद ने गोल्डन टेंपल में मत्था टेका:SGPC प्रधान से मुलाकात की, विदेशों में नगर कीर्तन की मर्यादा और सिख संस्थाओं पर चर्चा

ब्रैम्पटन (कनाडा) से आए सांसद अमरजीत सिंह गिल अपने परिवार सहित गोल्डन टेंपल में मत्था टेकने अमृतसर पहुंचे। गोल्डन टेंपल में नतमस्तक होकर उन्होंने सरबत के भले की अरदास की और गुरु महाराज का धन्यवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गोल्डन टेंपल आना केवल गुरु की कृपा से ही संभव होता है। यहां पहुंचकर जो आत्मिक शांति और सुकून मिलता है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। सांसद गिल ने बताया कि उनके इस दौरे के दौरान SGPC के प्रधान हरजिंदर सिंह से भी विशेष मुलाकात हुई। बैठक में विदेशों में आयोजित होने वाले नगर कीर्तनों की मर्यादा, गुरुद्वारों के प्रबंधन और सिख संस्थाओं की मजबूती को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सांसद गिल ने कहा कि विदेशों में सिख समुदाय अपनी धार्मिक परंपराओं को पूरी श्रद्धा और अनुशासन के साथ निभा रहा है, जो पूरी सिख कौम के लिए गर्व की बात है। युवाओं को दिया जिम्मेदारी और मेहनत का संदेश युवाओं के नाम संदेश देते हुए सांसद गिल ने कहा कि कनाडा अवसरों की भूमि है, जहां मेहनत, ईमानदारी और कानून का पालन करते हुए हर कोई सफलता प्राप्त कर सकता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे विदेशों में जाकर जिम्मेदार नागरिक बनें, अपने संस्कारों को न भूलें और अपनी कड़ी मेहनत से सिख कौम का नाम रोशन करें। इस अवसर पर शिरोमणि अकाली दल अमृतसर के नेता उपकार सिंह ने कहा कि बरैमटन जैसे शहर से सिख सांसद का चुना जाना पूरी कौम के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि विदेशों में सिख समुदाय को विशेष मान-सम्मान प्राप्त है और वहां आयोजित होने वाले नगर कीर्तन शांतिपूर्ण एवं मर्यादित ढंग से संपन्न होते हैं, जो सिख धर्म की शांतिप्रिय परंपरा को दर्शाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *