कनाडा में कारों के ओडोमीटर टेंपर कर धोखाधड़ी:पंजाबी मूल का हरमनदीप गिरफ्तार, पुरानी कारों को नया बताकर बेचता था महंगा

कनाडा के एडमोंटन में कारों के ओडोमीटर टेंपर कर लोगों के साथ धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने पंजाबी मूल के हरमनदीप सिंह बिंद्रा को गिरफ्तार किया है। आरोपी बिंद्रा पुरानी कारें खरीदकर उनके ओडोमीटर को टेंपर करके उन्हें नई बताकर महंगे दामों पर बेचता था। एडमोंटन पुलिस सर्विस (EPS) के अनुसार आरोपी सिर्फ ओडोमीटर में ही छेड़छाड़ नहीं करता था बल्कि कारों के नकली दस्तावेज भी तैयार करता था। पुलिस के अनुसार यह मामला 13 मार्च 2026 को सामने आया। एक व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत दी कि उसने फेसबुक मार्केटप्लेस से जो कार खरीदी थी, उसका ओडोमीटर गलत था। जांच में पता चला कि गाड़ी चली ज्यादा थी और ओडोमीटर में कम दिखाई गई थी। यही नहीं गाड़ी के दस्तावेज भी नकली निकले। जांच के बाद पुलिस ने हरमनदीप सिंह बिंद्रा को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ धोखाधड़ी (Fraud) और जाली दस्तावेज पेश करने के आरोप लगाए। पुलिस के अनुसार, बिंद्रा पिछले साल मार्च 2025 से इस पूरे नेटवर्क को चला रहा था। मार्केटप्लेस के जरिए खरीदता था पुरानी गाड़ियां वह फेसबुक मार्केटप्लेस के जरिए अधिक चली हुई पुरानी गाड़ियां खरीदता था और फिर उनमें तकनीकी छेड़छाड़ कर उनका ओडोमीटर पीछे कर देता था। इसके बाद वह इन गाड़ियों को फर्जी फेसबुक अकाउंट्स के जरिए बेचता था। अब तक पुलिस को कम से कम दो शिकायतें मिल चुकी हैं, लेकिन जांचकर्ताओं का मानना है कि यह संख्या काफी ज्यादा हो सकती है। इसी वजह से पुलिस ने आरोपी की फोटो भी जारी की है और लोगों से अपील की है कि यदि उन्होंने भी उससे वाहन खरीदा है तो तुरंत संपर्क करें। हरमनदीप सिंह बिंद्रा कैसे करता था कनेडियन सिटीजन के साथ ठगी, जानिए सस्ती पुरानी गाड़ियां खरीदना: एडमोंटन पुलिस सर्विस के अनुसार आरोपी फेसबुक मार्केटप्लेस से ज्यादा चली पुरानी गाड़ियां सस्ते दाम में खरीदता था। गाड़ियां खरीदकर वो उन्हें बाहर से अच्छे से चमका देता था। ओडोमीटर में छेड़छाड़: आरोपी गाड़ी खरीदने के बाद ओडोमीटर को तकनीकी तरीके से टैंपर करता था। वह ओडोमीटर को लाखों किलोमीटर पीछे कर देता था, जिससे गाड़ी कम चली हुई दिखे और उनसे मोटी रकम वसूल कर सके। फर्जी CARFAX रिपोर्ट बनाना: पुलिस के अनुसार ग्राहक को गाड़ी पुरानी होने का शक न हो इसके लिए वह कार के कागज भी नए तरीके से बनाता था। आरोपी कारों की नकली CARFAX रिपोर्ट देता था, जिसमें गाड़ी की माइलेज कम दिखाई जाती थी। फर्जी फेसबुक अकाउंट से बेचता था: पुलिस के अनुसार आरोपी ने फेसबुक पर अलग-अलग नामों जैसे हैरी स्मिथ, हैरी सिंह, हरमनदीप सिंह और गुरुदेव का इस्तेमाल कर फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाए थे। उन अकाउंट्स के जरिए ही वह कारों को बेचता था। लोकप्रिय मॉडल टारगेट करना: वह खासतौर पर Nissan Altima, Honda Accord और Honda CR-V जैसी लोकप्रिय गाड़ियों को खरीदता और बेचता था ताकि जल्दी ग्राहक मिल सकें। जल्दी डील क्लोज करना: पुलिस के अनुसार आरोपी जैसे ही अपने फेसबुक अकाउंट पर कारों की फोटो अपलोड करता था वैसे ही उसकी डील क्लोज का टाइम भी अपलोड कर देता था। वह खरीदारों पर जल्दी निर्णय लेने का दबाव बनाता था ताकि वे ज्यादा जांच-पड़ताल न कर सकें। प्राइवेट सेलर से पुरानी कार खरीदने के लिए पुलिस के सुझाव: 1. पहचान और ऑनरशिप का प्रमाण मांगें: विक्रेता के फोटो आईडी की तुलना वाहन के पंजीकरण (Registration) दस्तावेजों से करें। बिल ऑफ सेल पर विक्रेता का ड्राइविंग लाइसेंस नंबर और संपर्क जानकारी नोट करें।
2. व्हीकल इंफोर्मेशन रिपोर्ट लें: अल्बर्टा में व्हीकल रजिस्ट्रेशन की जानकारी के लिए किसी रजिस्ट्री एजेंट या AMA से संपर्क करें। वाहन खरीदने से पहले व्हीकल इंफोर्मेशन रिपोर्ट जरूर देखें। इससे कार कब खरीदी गई, कब-कब सर्विस हुई इसकी जानकारी मिल जाएगी।
3. CARFAX जैसी सेवाओं का उपयोग करें: पुलिस ने कहा है कि कार खरीदते समय रिपोर्ट खुद खरीदें ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि इसमें छेड़छाड़ नहीं की गई है। ओडोमीटर की विसंगतियों और रंग परिवर्तन पर ध्यान दें।
4.सेफ्टी इंस्पेक्शन करवाएं: पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जब भी किसी पुराने व्हीकल को खरीदते हैं कि किसी मान्यता प्राप्त व्हीकल इंस्पेक्शन सेंटर से व्हीकल का सेफ्टी इंस्पेक्शन करवाएं। 5. लेन-देन का विस्तृत रिकॉर्ड रखें: पुलिस ने कहा है कि व्हीकल खरीदने के बाद लेन-देन का पूरा रिकार्ड अपने पास रखें। पुलिस का कहना है कि बिल ऑफ सेल, रजिस्ट्रेशन और सर्विस रिकॉर्ड की असली प्रतियां अपने पास रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *