कपूरथला में किशोर से 50 हजार और मोबाइल लूटा:लुटेरों ने मारपीट कर किया घायल, सिविल अस्पताल में चल रहा इलाज

कपूरथला के सीनपुरा चौक के पास शनिवार देर शाम एक किशोर से लूट की घटना सामने आई है। एक्टिवा पर जा रहे इस बच्चे से 50,000 रुपये नकद और एक मोबाइल छीन लिया गया। लुटेरों ने बच्चे के साथ मारपीट भी की, जिससे वह घायल हो गया। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस लाइन के पास हल्टी मंदिर निवासी राजेंद्र कुमार तिवारी के 14-15 वर्षीय बेटे ने सिविल अस्पताल में घटना का विवरण दिया। बुआ को पैसे देने जा रहा था किशोर पीडि़त ने बताया कि वह अपने पिता से 50,000 रुपये लेकर अपनी बुआ को देने जा रहा था। सीनपुरा चौक के पास पहुंचते ही चार अज्ञात युवकों ने उसे रोका, मारपीट की और नकदी व मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद घायल किशोर को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। ड्यूटी डॉक्टर वंदना उसका इलाज कर रही हैं। डॉक्टर ने एमएलआर (मेडिको-लीगल रिपोर्ट) काटकर संबंधित सिटी थाने को भेज दी है। कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली: पुलिस इस मामले में डीएसपी सब डिवीजन शीतल सिंह ने बताया कि पुलिस को अभी तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। हालांकि, मीडिया के माध्यम से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी है। रात के समय बढ़ रही चोरी और लूट की वारदातें गौरतलब है कि शहर में रात के समय चोरी और लूट की वारदातें काफी बढ़ गई हैं। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। लोग शाम के समय घर से बाहर निकलने में कतराते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *