कपूरथला में जागो कार्यक्रम में फायरिंग:गोली लगने से एक व्यक्ति घायल, लाइसेंसी हथियार से चलाई, आरोपी के खिलाफ FIR

कपूरथला के औजला फाटक के नजदीक मंगी कॉलोनी में देर रात एक जागो कार्यक्रम के दौरान गोली चलने से एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि शादी से एक रात पहले चल रहे जागो कार्यक्रम में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी शानोशौकत दिखाने के लिए हवाई फायरिंग की। हालांकि, गोली वहां मौजूद एक व्यक्ति की छाती में जा लगी। डीएसपी दलजीत सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी निवासी गुरदासपुर से लाइसेंसी पिस्तौल बरामद कर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। चल रहा था नाच-गाने का कार्यक्रम प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जागो कार्यक्रम में संगीत और नाच-गाने का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान आरोपी ने लाइसेंसी हथियार से फायरिंग की, एक गोली सीधे दलजीत सिंह नामक व्यक्ति को जा लगी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और कार्यक्रम की वीडियो भी जुटाई जा रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके। डीएसपी दलजीत सिंह ने स्पष्ट किया कि शादी और अन्य समारोहों में की जाने वाली फायरिंग कानूनी अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खुशी के मौकों पर ऐसी खतरनाक हरकतों से बचें, ताकि किसी की जान जोखिम में न पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *