कपूरथला में बंद मकान से 75 लाख की चोरी:45 तोला सोने के जेवर-4 लाख का कैश ले गए चोर, शादी में गया था परिवार

कपूरथला के शेखूपुर इलाके में वार्ड नंबर 34 स्थित एक घर में बीती रात करीब 75 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर, नकदी और अन्य सामान की चोरी हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। परिवार के सदस्य सुमित ने बताया कि वे रात करीब 9 बजे अपने परिवार के साथ होशियारपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रात करीब ढाई बजे जब वे घर लौटे, तो मुख्य दरवाजे के ताले टूटे हुए मिले। घर के अंदर कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी गायब था। एक हजार यूएस डॉलर भी ले गए चोर सुमित के अनुसार, अलमारियों के ताले भी टूटे हुए थे और सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। चोरों ने घर से करीब 45 तोले सोना, आधा किलो चांदी, लगभग 4 लाख रुपए नकद, एक हजार यूएस डॉलर और एक नई टैबलेट चोरी कर ली। चोरी हुए गहनों में उनकी मां रीटा नैयर जो अमेरिका में रहती हैं, उनकी बहन जो कनाडा में रहती हैं और उनकी पत्नी के आभूषण शामिल हैं। मौके पर पहुंच पुलिस ने की जांच घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। सुबह कपूरथला की डॉग स्क्वायड टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। परिवार के मुखिया सुमित ने पुलिस प्रशासन से चोरों को शीघ्र पकड़ने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *