कपूरथला में विदेशी नंबर से 50 लाख की रंगदारी:नाबालिग समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, 5 हजार में मिली थी सुपारी, पिस्तौल-बाइक बरामद

कपूरथला पुलिस ने विदेशी नंबर से 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगने और फायरिंग करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। एसएसपी कपूरथला गौरव तूरा ने बताया कि आरोपियों से एक पिस्तौल और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई है। अदालत ने सभी आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है, जहां उनसे पूछताछ जारी है। यह मामला 20 मार्च का है, जब गांव आहलीकलां के एक व्यक्ति को पुर्तगाल के एक विदेशी नंबर से वर्चुअल कॉल कर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। शिकायत मिलने के बाद थाना कबीरपुर पुलिस ने 22 मार्च को एफआईआर दर्ज कर जांच के लिए विशेष टीमें गठित की थीं। इसी बीच, 21 मार्च की देर रात तीनों आरोपी बाइक पर सवार होकर गांव आहलीकलां में पीड़ित के घर पहुंचे और फायरिंग की। पीड़ित के समर्थन में मौजूद लोगों ने छत से जवाबी कार्रवाई करते हुए 12 बोर से फायर किया। इस दौरान छर्रे लगने से दो आरोपी घायल हो गए, जिसके बाद तीनों मौके से फरार हो गए। तीसरा आरोपी नाबालिग एसएसपी गौरव तूरा ने बताया कि पुलिस ने टेक्निकल सेल और तरनतारन पुलिस की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की। करीब 100 किलोमीटर पीछा करने के बाद उन्हें नौशहरा पन्नुआं, तरनतारन से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खेड़ा निवासी अमृतप्रीत सिंह और नौशहरा पन्नुआं (जिला तरनतारन) के मोहल्ला चौधरी वाला निवासी निशा सिंह उर्फ निशान के रूप में हुई है। तीसरा आरोपी नाबालिग है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 32 बोर का पिस्तौल, मैगजीन, वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपियों को इस वारदात को अंजाम देने के लिए महज 5 हजार रुपये का ऑनलाइन भुगतान किया गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का संपर्क विदेशी हैंडलर से तरनतारन के एक व्यक्ति ने करवाया था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। आरोपियों की योजना सुल्तानपुर लोधी में भी एक और वारदात को अंजाम देने की थी, लेकिन पुलिस ने उससे पहले ही उन्हें पकड़ लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *