कपूरथला में शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहीदी दिवस पर जिले की विभिन्न संस्थाओं के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनकी प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उनकी विचारधारा पर चलने और समाज में फैली कुरीतियों को समाप्त करने का संकल्प लिया गया। शहीद भगत सिंह यूथ क्लब के सदस्यों ने प्रतिमा पर पगड़ी बांधी कपूरथला के मुख्य बाजार स्थित शहीद भगत सिंह चौक पर शहीद भगत सिंह यूथ क्लब के सदस्यों ने सुबह शहीद की प्रतिमा का जलाभिषेक किया। उन्होंने प्रतिमा पर केसरी पगड़ी बांधी और फूल मालाएं अर्पित कीं। क्लब सदस्यों ने कहा कि शहीदों के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और उनका प्रचार-प्रसार आवश्यक है। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने नशा, दहेज प्रथा और महिलाओं व बालिकाओं पर हो रहे अत्याचार जैसी सामाजिक बुराइयों को खत्म करने का संकल्प लिया। उन्होंने नशे के खिलाफ मजबूती से खड़े रहने और तस्करों के खिलाफ पुलिस की मुहिम में सहयोग देने की बात भी कही। समाज से कुरीतियों को खत्म करने का लिया संकल्प क्लब के प्रधान विशाल राजपूत ने कहा कि युवाओं को केवल शहीदों को पुष्प अर्पित करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उनकी सोच को अपनाते हुए समाज से कुरीतियों को खत्म करना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। इस अवसर पर शहीद भगत सिंह क्लब के पूर्व प्रधान रिंकू कालिया, चेयरमैन गुरमुख सिंह, अरुण खोसला, जगमोहन भाटिया, जसविंदर पाल, बंटी वालिया, राजिंदर सिंह, अमनदीप गोल्डी, नवीन कौड़ा, सूरज हंस, दीपक हंस, सनी चीमा, हैप्पी, दीपक लकी, सतविंदर भाटिया, रवि पाठक, रमन आनंद, दीपू, वरिंदर, बब्बू पंडित, संदीप कश्यप, सोनू और तजिंदर वालिया सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।