करनाल किडनैपिंग मामले में आया नया मोड़:बालिग होने पर युवक ने पिता के आरोपों को नकारा, बोला-मर्जी से गया, 2023 में की लव मैरिज

करनाल में वर्ष 2019 में महिला द्वारा नाबालिग लड़के को किडनैप कर जबरन लिव-इन-रिलेशनशिप में रखने के आरोपों के मामले में अब बालिग हो चुके युवक का पक्ष सामने आया है। युवक ने अपने पिता द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उसे किसी ने किडनैप नहीं किया था। वह अपनी मर्जी से महिला के साथ गया था और बाद में दोनों ने आपसी सहमति से शादी की। युवक का कहना है कि उसके पिता ने पूरे मामले में सच्चाई को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है और उस पर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। पहले समझिए, क्या है पूरा मामला… 2019 में लापता हुआ था बेटा, पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट कुरुक्षेत्र के खेड़ी मारकंडा गांव के रहने वाले राजबीर सिंह का आरोप है कि जून 2019 में उनका 17 वर्षीय बेटा लापता हो गया था। इसके बाद उन्होंने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। बाद में पता चला कि सोनीपत के गांव बाई की रहने वाली मीनाक्षी देवी उनके बेटे को किडनैप कर अपने साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में रखने लगी। राजबीर सिंह का आरोप है कि महिला ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनके बेटे की जन्मतिथि बदलवा दी। उनके अनुसार, बेटे की जन्मतिथि 2001 से बदलकर 1991 कर दी गई, ताकि उसे 2019 में ही बालिग दिखाया जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार पहचान पत्र में भी इसी तरह की धांधली की गई। बेटे को दो बच्चों का पिता दिखाने का आरोप, पति को मृत दिखाया राजबीर सिंह ने बताया कि महिला के पहले पति से दो बच्चे हैं, जिनका जन्म 2007 और 2014 में हुआ। इन बच्चों का पिता भी उनके बेटे को ही दिखा दिया गया। राजबीर का आरोप है कि अपने खिलाफ कार्रवाई से बचने के लिए मीनाक्षी देवी ने 6 जुलाई 2019 को एक हलफनामा तैयार कराया, जिसमें उसके पति धन सिंह को मृत दर्शाया गया। बाद में जांच में सामने आया कि धन सिंह सागर जीवित है और महिला के व्यवहार से परेशान होकर उससे अलग रह रहा है। एसपी से शिकायत, फिर कोर्ट का सहारा राजबीर सिंह ने बताया कि 19 अगस्त 2025 को उन्होंने करनाल एसपी को शिकायत दी थी। यह शिकायत 5472-सी मिसलेनियस नंबर देकर थाना घरौंडा भेजी गई, लेकिन इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। बार-बार संपर्क करने के बावजूद पुलिस अधिकारियों ने कोई जवाब नहीं दिया। कार्रवाई न होने पर उन्होंने कोर्ट का रुख किया। सुनवाई के बाद कोर्ट ने थाना प्रभारी घरौंडा को केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। कोर्ट के आदेश के बाद 11 फरवरी की रात घरौंडा पुलिस ने मामला दर्ज किया और पुलिस ने जांच शुरू की। अब जानिए युवक ने पिता के आरोपों और किडनेपिंग पर क्या कहा… युवक बोला- किडनैप नहीं हुआ, अपनी मर्जी से गया था 25 वर्षीय अंकित ने साफ शब्दों में कहा कि वर्ष 2019 में वह किसी के बहकावे या दबाव में नहीं गया था। उसने बताया कि वह पूरी तरह से अपनी मर्जी से मिनाक्षी के साथ गया था। दोनों के बीच पहले बातचीत हुई, फिर आपसी समझ बढ़ी और बाद में उन्होंने साथ रहने का फैसला किया। अंकित ने कहा कि उसके पिता राजबीर द्वारा लगाए जा रहे किडनैप और जबरन लिव-इन-रिलेशनशिप के आरोप निराधार हैं। झारखंड से शुरू हुई बातचीत, सोनीपत में साथ रहने लगे अंकित ने बताया कि मिनाक्षी झारखंड की रहने वाली है। दोनों के बीच पहले फोन कॉल के जरिए बातचीत हुई। बातचीत आगे बढ़ी और बाद में मिनाक्षी हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव बई में आकर रहने लगी। इस दौरान अंकित का अपने घर आना-जाना भी बना रहा। 2023 में की लव मैरिज, साथ रह रहे परिवार की तरह अंकित ने बताया कि वर्ष 2023 में उसने मिनाक्षी के साथ लव मैरिज की। दोनों अब पति-पत्नी की तरह साथ रह रहे हैं। अंकित का कहना है कि वह मिनाक्षी और उसके बच्चों की जिम्मेदारी निभा रहा है और उन्हें किसी भी हाल में छोड़ नहीं सकता। उसने कहा कि यह उसका खुद का फैसला है और इसमें किसी का दबाव नहीं है। जन्मतिथि को लेकर आरोपों पर दिया जवाब अंकित ने अपने पिता के उस आरोप को भी झूठा बताया, जिसमें कहा गया था कि उसकी जन्मतिथि में हेरफेर कर उसे बालिग दिखाया गया। अंकित ने बताया कि उसका जन्म 9 सितंबर 2001 का है। जब वह मिनाक्षी के साथ गया था, उस समय वह 18 साल का हो चुका था। उसने आरोप लगाया कि उसके पिता यह कह रहे हैं कि जन्मतिथि 1991 करवाई गई थी, जबकि यह पूरी तरह से गलत है। उसकी वास्तविक जन्मतिथि 2001 ही है। कोरे कागजों पर साइन कराकर धोखाधड़ी का आरोप अंकित ने आरोप लगाया कि उसके पिता ने उससे कोरे कागजों पर साइन कराए थे और बाद में उनका गलत इस्तेमाल किया गया। उसने कहा कि उसके साथ धोखाधड़ी की गई और अब उसी के आधार पर उस पर और उसकी पत्नी पर आरोप लगाए जा रहे हैं। मिनाक्षी के पहले पति को लेकर दी सफाई अंकित ने मिनाक्षी के पहले पति धन सिंह को लेकर भी स्थिति साफ की। उसने बताया कि मिनाक्षी के पहले पति ने दूसरी शादी कर ली थी। जब पति ने दूसरी शादी कर ली, तो सामाजिक रूप से उसका रिश्ता खत्म हो गया था। इसी वजह से दस्तावेजों में स्वर्गीय लिखा गया। अंकित का आरोप है कि उसके पिता अब इसी मुद्दे को लेकर दबाव बना रहे हैं और पहले पति को आगे कर रहे हैं, ताकि उसे मिनाक्षी से अलग किया जा सके। पिता पर दबाव बनाने और अलग कराने की कोशिश का आरोप अंकित ने कहा कि उसके पिता लगातार उस पर दबाव बना रहे हैं कि वह इस महिला और उसके परिवार को छोड़ दे। उसके मुताबिक, मामला दर्ज होने के बाद उसने घरौंडा पुलिस के सामने अपने बयान दिए हैं, जिसमें साफ कहा गया है कि वह अपनी मर्जी से मिनाक्षी के साथ रह रहा है और लगाए गए आरोप झूठे हैं। बच्चों को पिता दिखाने पर दी सफाई दो बच्चों का पिता दिखाए जाने के सवाल पर अंकित ने कहा कि बच्चे पिछले 3-4 साल से घर पर ही थे। उन्हें स्कूल में दाखिला दिलाना था और इसके लिए पिता का नाम जरूरी था। इसी कारण बच्चों के दस्तावेजों में उसका नाम पिता के रूप में दर्ज कराया गया। उसने बताया कि एक बच्चे की उम्र 18 साल है और दूसरे की 14 साल है। पिता के साथ क्यों नहीं रहना चाहते, बताई वजह जब अंकित से पूछा गया कि उसके पिता उसके लिए इतनी लड़ाई लड़ रहे हैं, फिर भी वह उनके साथ क्यों नहीं रहना चाहता, तो उसने कहा कि उसे अपने पिता से लगातार प्रताड़ित किया गया। उसने आरोप लगाया कि उसके पिता को सिर्फ उसकी कमाई से मतलब था, उससे नहीं। जुलाई 2019 में उसके पिता ने उसे कोर्ट के माध्यम से बेदखल कर दिया था। भविष्य में संपत्ति न मांग सके, इसलिए साइन करवाए अंकित ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पिता और उनके रिश्तेदारों ने उस पर दबाव बनाकर कोरे कागजों पर साइन करवाए, ताकि वह भविष्य में पिता के घर और जमीन में हिस्सा न मांग सके। हालांकि उसने यह भी कहा कि शादी के बाद उसने अपने परिवार से रिश्ता नहीं तोड़ा और दुख-सुख में हमेशा उनके पास जाता रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *