करनाल जिले के चमार खेड़ा गांव के पास नहर में एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत बेहद खराब बताई जा रही है। महिला के शरीर पर तेजधार हथियार से वार के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव नहर में काफी समय तक पड़े रहने के कारण सड़-गल चुका है और एक टांग गलकर शरीर से अलग हो चुकी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया। मृतका की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। नहर में तैरता शव देख मची अफरा-तफरी घटना बुधवार की बताई जा रही है, जब अपना आशियाना टीम के सेवादार चमार खेड़ा के चरणजीत सिंह बाली नहर के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर नहर में तैरते एक शव पर पड़ी। उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को मौके पर बुलाया और शव को नहर के किनारे लगवाने का प्रयास किया। इसके बाद डायल-112 की टीम को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंच गई। गोताखोर की मदद से बाहर निकाला मौके पर अपना आशियाना आश्रम से राजकुमार अरोड़ा भी पहुंच गए। उनकी मौजूदगी में गोताखोर आशु मलिक की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला गया। राजकुमार अरोड़ा ने बताया कि शव बुरी तरह से गल चुका है और यह एक महिला का है, जिसकी उम्र करीब 40 से 45 साल के बीच आंकी जा रही है। महिला के शरीर पर कई जगह तेजधार हथियार से वॉर के निशान मिले हैं, जो चाकू जैसे हथियार से किए गए प्रतीत होते हैं। कपड़ों-आभूषणों से पहचान की कोशिश मृतका ने कॉफी रंग का सूट और सलवार पहन रखी थी। उसके दाहिने हाथ में कड़ा और बाएं हाथ में चूड़ी पहनी हुई थी। शव से कोई भी ऐसा दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है, जिससे महिला की पहचान हो सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी हाउस में रखवा दिया है। 72 घंटे तक होगी पहचान की कोशिश पुलिस के अनुसार शव करीब 20 से 25 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। फिलहाल आसपास के थानों और जिलों में महिला की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। यदि 72 घंटे के भीतर पहचान नहीं हो पाती है, तो शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर दाह संस्कार करवा दिया जाएगा। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हत्या के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है। महिला की नहीं हुई शिनाख्त करनाल सदर थाना प्रभारी तरसेम चंद ने बताया कि नहर से डेडबॉडी मिली है। महिला की पहचान नहीं हुई है। शव बुरी तरह से गल चुका है और ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला है। जिससे उसकी पहचान हो सके। शव को मॉर्च्युरी हाउस रखवाया जाएगा और 72 घंटे में पहचान नहीं हो पाती है, तो उसका पोस्टमॉर्टम के बाद शव दाह संस्कार कर दिया जाएगा। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम के बाद ही हो पाएगा।