करनाल में उबर ड्राइवर की गला घोंटकर हत्या:दिल्ली से बुक की थी कैब, घरौंडा तक ट्रेस हुई लोकेशन, झाड़ियों में मिला शव

करनाल जिले में पश्चिमी यमुना नहर की पटरी के पास स्टौण्डी गांव के क्षेत्र में झाड़ियों के बीच एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान दिल्ली के भलस्वा डेयरी निवासी शाहरुख खान (22) के रूप में हुई है, जो उबर ड्राइवर के रूप में काम करता था। वह सवारी लेकर कैमला गांव गया था और उसके बाद से लापता था। परिजनों ने हत्या और लूट की आशंका जताई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शाहरुख खान दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में रहता था और उबर के माध्यम से गाड़ी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। मृतक के बड़े भाई शौकीन खान ने बताया कि 23 फरवरी को दोपहर 1 बजकर 04 मिनट पर शाहरुख ने उबर राइड लेकर करनाल के पास कैमला गांव के लिए प्रस्थान किया था। उबर ऐप के अनुसार, राइड 3 बजकर 06 मिनट पर पूरी हो गई थी। इसके बाद शाहरुख का मोबाइल फोन बंद हो गया और उसने किसी का कॉल रिसीव नहीं किया। शाहरुख सफेद रंग की अर्टिगा कार चला रहा था, जो अरबाज खान पुत्र जाबिर निवासी भलस्वा डेयरी दिल्ली की थी। लोकेशन घरौंडा के पास बंद हुई अरबाज खान ने जब शाहरुख से संपर्क करने की कोशिश की तो फोन बंद मिला। उन्होंने मोबाइल ऐप से लोकेशन ट्रेस की, जो पहले कैमला गांव, फिर स्टौण्डी के पास नहर किनारे, उसके बाद करनाल और अंत में घरौंडा के पास दिखी। घरौंडा के पास मोबाइल की लोकेशन अचानक बंद हो गई। परिजनों ने कई बार कॉल किया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। देर शाम तक कोई जानकारी न मिलने पर परिवार दिल्ली लौट गया। अगली सुबह झाड़ियों में मिला शव 24 फरवरी की सुबह शौकीन खान अपने परिजनों के साथ दोबारा करनाल पहुंचे। पहले कैमला गांव में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद वे स्टौण्डी गांव के पास नहर किनारे खदान क्षेत्र में पहुंचे, जहां मोबाइल की आखिरी लोकेशन मिली थी। वहां झाड़ियों में एक युवक औंधे मुंह पड़ा मिला। कपड़ों से पहचान हुई कि वह शाहरुख ही था। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और एफएसएल टीम ने की जांच सूचना पर थाना सदर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। टीम ने शव और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। जब शव का चेहरा दिखाया गया तो परिजनों ने उसकी पहचान शाहरुख खान पुत्र हबीब खान निवासी भलस्वा डेयरी दिल्ली के रूप में की। गाड़ी और मोबाइल गायब मौके से न तो गाड़ी मिली और न ही मोबाइल फोन। परिजनों ने आशंका जताई कि अज्ञात लोगों ने गला दबाकर शाहरुख की हत्या की और उसकी गाड़ी व मोबाइल लेकर फरार हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सरकारी एम्बुलेंस से डेड हाउस करनाल भेज दिया। परिवार में मचा कोहराम शौकीन खान ने बताया कि उनका परिवार मूल रूप से मथुरा जिले के गांव नावली का रहने वाला है और पिछले 10-12 साल से दिल्ली में रह रहा है। चार भाइयों में शाहरुख सबसे छोटा था। वह अपने माता-पिता के साथ भलस्वा डेयरी में किराए पर रहता था और ड्राइवर का काम करता था। हत्या और लूट का केस दर्ज शौकीन खान की शिकायत पर थाना सदर करनाल में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या और लूट का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उबर राइड डिटेल, मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। गाड़ी और मोबाइल की तलाश के साथ-साथ संदिग्धों की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *