करनाल में एक्सीडेंट में फोटोग्राफर की मौत:साथी गंभीर घायल, बेकाबू हुई बाइक, सड़क पर गिरे; शादी समारोह से लौट रहे थे दोनों

करनाल के इंद्री में एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। दोनों युवक बाइक पर सवार होकर घर की तरफ लौट रहे थे। रास्ते में गन्ने की ट्रैक्टर-ट्राली पलटी हुई थी। अचानक ही गन्ने का ढेर उनके सामने आया, जिससे बचाने के लिए बाइक को संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर जा गिरे। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए करनाल भेज दिया और दूसरे को अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पलटी हुई गन्ने की ट्राली को माना जा रहा कारण मृतक की पहचान खेड़ी जाटान निवासी स्माइल के रूप हुई है। वहीं घायल युवक गुलशन भादसो का रहने वाला है। दोनों ही फोटोग्राफी करते थे और रात को शादी में काम खत्म करके वापस घर लौट रहे थे। मृतक के परिजन अरूण कुमार ने बताया कि स्माइल और गुलशन बाइक पर आ रहे थे और 20 फरवरी की रात को करीब 12 बजे भादसो रोड पर सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में स्माइल की मौत हो गई, जबकि गुलशन घायल हुआ। अब यह हादसा किस वजह से हुआ, उसका कोई स्पष्ट कारण नहीं पता चल पा रहा है। बताया यह भी जा रहा है कि रास्ते में कोई गन्ने की ट्राली पलटी हुई थी और उसका कोई कोना लगने से बाइक का बैलेंस बिगड़ गया और हादसा हो गया। अब पुलिस से न्याय की मांग कर रहे हैं। डायल-112 के सामने हुआ हादसा वहीं इंद्री थाना प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि भादसो रोड पर डायल-112 को गन्ने की ट्राली पलटी होने की सूचना मिली थी। ईआरवी बस स्टैंड के नजदीक ही थी, जिसके बाद ईआरवी मौके पर पहुंच गई थी। उस वक्त तक कोई भी एक्सीडेंट नहीं हुआ था। इसी दौरान एक बाइक संतुलन बिगड़ने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिसमे बाइक चला रहे स्माइल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। वहीं ईआरवी ने घायल गुलशन को अपनी गाड़ी में इंद्री के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया था। जिसके बाद उसे करनाल रेफर कर दिया था। जब गुलशन से बात की गई तो उसने बताया था कि सामान बीच में रखा हुआ था, जिस वजह से वह आगे नहीं देख पा रहा था, अब हादसा किस वजह से हुआ, इसको लेकर भी वह स्पष्ट नहीं है। ऐसे में अब परिजन आए थे, जो हादसे का कारण जानना चाह रहे थे। उनको समझाया गया है और अब पोस्टमार्टम के बाद शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *