करनाल जिले में इंद्री से बयाना जाने वाली सड़क पर गढ़पुर के नजदीक वीरवार को एक सड़क हादसा हो गया। स्कूटी और ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। महिला अपने मायके में आयोजित एक पारिवारिक रस्म में शामिल होने जा रही थी, लेकिन रास्ते में ही हादसा हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मायके जा रही थी महिला, रास्ते में हुआ हादसा पुलिस के अनुसार, कुरुक्षेत्र के पीपली गांव की रहने वाली 32 वर्षीय रजनी देवी अपने 10 वर्षीय बेटे अभी के साथ स्कूटी पर सवार होकर अपने मायके गांव चौरा खालसा जा रही थी। उसके भाई के घर निर्माण कार्य चल रहा है और चोखट पर तोता बांधने की रस्म निभाने के लिए वह जा रही थी। ईंटों से भरी ट्राली से टकराई स्कूटी इंद्री-बयाना रोड पर उसकी स्कूटी आगे चल रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला को गंभीर चोटें आईं और बच्चा भी घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। अस्पताल में तोड़ा दम, बच्चे का इलाज जारी राहगीरों की मदद से दोनों को इंद्री के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान रजनी देवी की मौत हो गई। वहीं उसका बेटा अभी अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज चल रहा है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव बयाना चौकी इंचार्ज रोहित ने बताया कि महिला के शव को मोर्चरी हाउस में रखवाया गया है। महिला का पति विदेश में है, जिसके आने का इंतजार किया जा रहा है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।