करनाल जिले के मूनक थाना क्षेत्र के कुताना चौक पर बाइक और कार की हल्की टक्कर के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने अपने घर से 10 युवकों को बुला लिया। युवकों ने दो दोस्तों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में दोनों के सिर फट गए और बाजुओं पर गंभीर चोट आई। आरोप है कि हमलावरों ने कार को भी बुरी तरह तोड़ दिया, जिससे करीब 2 लाख रुपए का नुकसान हुआ। पूरी घटना कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ढाबे से लौटते समय हुआ विवाद
बेगुमपुर निवासी रवि ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने दोस्त योगेश के साथ ढाबे से घर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आई एक बाइक उनकी गाड़ी से टच हो गई। इसके बाद बाइक सवार ने पहले थप्पड़ मारा और कहासुनी शुरू हो गई। फोन कर बुलाए 10 युवक, किया हमला
रवि गोयल के अनुसार बाइक सवार ने अपने घर फोन कर दिया, जिसके बाद वहां से करीब 10 युवक बिंडे (डंडे) लेकर मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर रवि गोयल और योगेश को बुरी तरह पीटा। हमले में दोनों के सिर फट गए और बाजुओं पर चोटें आईं। गाड़ी को तोड़कर किया 2 लाख का नुकसान
हमलावरों ने उनकी कार को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। शिकायत में करीब 2 लाख रुपए के नुकसान की बात कही गई है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना की रिकॉर्डिंग उनके पास भी है और सभी आरोपी कैमरों में साफ दिखाई दे रहे हैं। इन लोगों के नाम आए सामने
शिकायत में विनोद, अमरजीत निवासी कुताना, विनोद उर्फ विनोदी और उसके दो साथी, भजा सहित एक बाइक सवार अज्ञात युवक और 6 अन्य युवकों के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने दर्ज किया मामला
मामले की शिकायत के बाद मुनक थाना में केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच एएसआई संदीप कर रहे है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।