करनाल में जीटी रोड पर अटल पार्क के सामने एक सड़क हादसे में कम्बाइन पर काम कर रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब कम्बाइन चालक सड़क किनारे मशीन खड़ी कर नट-बोल्ट चेक कर रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आए ट्रक ने कम्बाइन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। सिंध-पंजाब से कम्बाइन लेकर आ रहा था चालक
यूपी के जिला शाहजहांपुर के गांव किरलपुर बिहारी निवासी 34 वर्षीय धर्मेन्द्र सिंह पुत्र सुरजपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ड्राइविंग का काम करता है। वह सिंध-पंजाब से गेहूं काटने की कम्बाइन लेकर आ रहा था। 17 फरवरी की देर शाम जब वह अटल पार्क करनाल के पास पहुंचा तो उसने कम्बाइन को सड़क किनारे साइड में खड़ा कर नट आदि चेक करने शुरू कर दिए। पीछे से आकर ट्रक ने मारी टक्कर
इसी दौरान पीछे से आए एक ट्रक ने कम्बाइन में जोर से टक्कर मार दी। धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि ट्रक चालक को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वह ट्रक को मौके से भगा ले गया। हादसे में धर्मेन्द्र सिंह के साथ मौजूद गांव किरतपुर बिहारी, जिला शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश निवासी रजनीश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। धर्मेन्द्र को आई माथे पर चोट
हादसे में धर्मेन्द्र सिंह के माथे पर चोटें आईं। घटना के बाद तुरंत डायल 112 पर सूचना दी गई। इसके बाद एंबुलेंस को बुलाया गया, जिसने मृतक रजनीश सिंह के शव को उठाकर करनाल के सरकारी अस्पताल स्थित मोर्चरी हाउस में रखवाया। पुलिस ने धमेंद्र के ब्यान के आधार पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।