करनाल में तीन बच्चों के पिता की मौत:हाईवे क्रॉस करते वक्त गाड़ी ने मारी टक्कर, राहगीर ने सड़क किनारे शव देखा

करनाल में हाईवे पर गाड़ी की टक्कर से तीन बच्चों के पिता की मौत हो गई। वह लक्ष्मी रसोई ढाबा पर सिक्योरिटी का काम करता था और ड्यूटी खत्म करने के बाद अपने कमरे पर लौट रहा था। हाईवे क्रॉस करते वक्त करनाल साइड से आ रहे गाड़ी ने सिक्योरिटी गार्ड को जोरदार टक्कर मारी और वह डिवाइडर के बीच में जा गिरा। गंभीर रूप से घायल सिक्योरिटी गार्ड ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। रविवार सुबह किसी राहगीर ने डेड बॉडी देखी और पुलिस को कॉल किया। पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भेज दिया। पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना करनाल में कोहंड नेशनल हाईवे की है। मंचूरी का था मृतक, कोहंड में किराए पर रहता था
मृतक की पहचान करनाल जिला के मंचूरी निवासी 50 वर्षीय रामकुमार के रूप में हुई है। कोहंड शनि मंदिर के पास लक्ष्मी रसोई में रामकुमार सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था, वह करीब तीन महीने पहले ही यहां पर लगा था। वह अपने बहनोई सुभाष के साथ कोहंड में किराए के मकान पर रहता था, उसका बहनोई भी सिक्योरिटी गार्ड का काम करता है। शनिवार को भी ड्यूटी पर आया था
रामकुमार की ड्यूटी सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक होती थी। शनिवार को भी वह अपनी ड्यूटी पर आया था। शाम 7 बजे उसने अपनी ड्यूटी समाप्त की और करनाल-पानीपत सर्विस रोड से सटी कॉलोनी में अपने कमरे पर लौट रहा था। पुलिस के मुताबिक, उसने पानीपत-करनाल हाईवे क्रॉस कर लिया था, जैसे ही वह करनाल-पानीपत रोड क्रॉस करने लगा तो किसी गाड़ी ने उसको जोरदार टक्कर मारी। वह डिवाइडर पर गिरा। उसकी सिर और कान से खून निकला और टांग भी टूट गई। ट्रैफिक के शोर में किसी ने उसकी आवाज नहीं सुनी और उसकी मौत हो गई। सारी रात ट्रेफिक चलता रहा, लेकिन किसी की भी नजर रामकुमार पर नहीं पड़ी। मृतक के जीजा सुभाष ने बताया कि हम दोनों सिक्योरिटी का काम करते है। हमने कोहंड में ही किराये पर कमरा ले रखा है। मेरी नाइट ड्यूटी अराईपुरा रोड पर फैक्ट्री में थी और रामकुमार लक्ष्मी रसोई पर लगा हुआ था। रामकुमार खून से लथपथ था
वह रात को ड्यूटी से कमरे के लिए निकला था लेकिन पहुंचा नहीं। चूंकि मैं भी ड्यूटी पर था, मुझे सुबह उसकी मौत की जानकारी मिली। हम मौके पर पहुंचे तो रामकुमार खून से लथपथ था। उसकी मौत हो चुकी थी। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सुभाष ने बताया कि रामकुमार के पास तीन बच्चे है, जिसमें एक लड़की और दो लड़के है। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। इसके अलावा चार बहने भी है। रामकुमार की मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा है। पूरा परिवार रामकुमार पर ही टिका हुआ था। जांच अधिकारी देवेंद्र ने बताया कि मृतक रामकुमार का शव करनाल मॉर्च्युरी हाउस में भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को शव सौंपा जाएगा। ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *