करनाल में दूल्हे की खाली बग्गी पर पथराव:दो गुटों में झगड़ा, लाठी-डंडों से हमला; राहगीरों-वाहनों को भी लगे पत्थर

करनाल जिला के तरावड़ी में करनाली गेट के पास शादी में दूल्हे के लिए इस्तेमाल होने वाली रथबग्गी पर कुछ युवकों ने लाठी-डंडों के साथ हमला कर पथराव कर दिया। बग्गी वाला जटपुरा में बुकिंग खत्म कर वापस लौट रहा था। अचानक हुए पथराव से आसपास खड़े लोगों और गुजर रहे वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। एक युवक के पत्थर लगने पर डायल-112 पर सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के आते ही आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस की माने, तो शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बुकिंग खत्म कर लौटा था आकाश पीड़ित युवक आकाश ने बताया कि वह तखाना का रहने वाला है और शादियों में दूल्हे वाली रथ बग्गी की बुकिंग का काम करता है। वह आज जटपुरा में शादी की बुकिंग खत्म कर तरावड़ी लौटा था। करनाली गेट पर कुछ देर के लिए बग्गी रोकी गई थी। इसी दौरान कुछ 7-8 नशेड़ी युवक हाथों में लाठी-डंडे लेकर आए और बग्गी पर चढ़ गए। जब उन्होंने उन्हें नीचे उतरने को कहा और विरोध किया, तो युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते पत्थर बरसाने लगे। आसपास के वाहन भी चपेट में आए पथराव इतना तेज था कि वहां खड़ी गाड़ियों और गुजर रही बाइक व अन्य वाहनों पर भी पत्थर लगे। मौके पर मौजूद एक राहगीर ने बताया कि वह बैटरी लेकर अपनी बाइक पर वहां से निकल रहा था। उसी समय दो ग्रुप आपस में लड़ रहे थे और एक-दूसरे पर पत्थर फेंक रहे थे। इस दौरान एक पत्थर उसे भी लगा, उसने तुरंत डायल-112 पर कॉल कर दी। एक पक्ष मौके से फरार, कारण स्पष्ट नहीं सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और तरावड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के अनुसार एक बग्गी पर हमला किया गया था। एक पक्ष मौके से भाग गया, जबकि दूसरा पक्ष वहीं मौजूद मिला। फिलहाल झगड़े का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी। इलाके में कुछ समय तक तनाव का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *