करनाल के नरूखेड़ी गांव में दूसरी मंजिल पर काम कर रहे एक राजमिस्त्री की नीचे गिरने से मौत हो गई। वह पैड बांधने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नीचे आ गिरा। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रात को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। मृतक की पहचान 42 वर्षीय जुंडला निवासी राकेश कुमार के रूप में हुई है। वह पेशे से राजमिस्त्री था और परिवार का पालन-पोषण करता था। सोमवार को वह नरूखेड़ी गांव में एक मकान की दूसरी मंजिल पर पैड बांधने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे जमीन पर गिर गया। अस्पताल में तोड़ा दम हादसे में राकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों और आसपास के लोगों ने तुरंत उसे करनाल के अस्पताल में भर्ती करवाया। हालत नाजुक बनी रही और रात को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक के चचेरे भाई तेजबीर ने बताया कि राकेश परिवार का मुख्य कमाने वाला था। उसके दो बच्चे हैं, जिनमें एक लड़का और एक लड़की है। अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने की कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।