करनाल जिले के एक गांव में महिला के साथ रेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने काम के बहाने घर में घुसकर महिला को नशीला पदार्थ पिलाया, उसके साथ रेप किया और फिर वीडियो बनाकर लंबे समय तक ब्लैकमेल करता रहा। पीड़िता का कहना है कि आरोपी लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहा था, जिससे वह और उसका परिवार डर के साए में जी रहे थे। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुंजपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी विशाल उसके पति के साथ मिस्त्री का काम करता था। इसी कारण वह अक्सर काम के बहाने उनके घर आता-जाता रहता था। एक दिन उसने पति को बुलाने का बहाना बनाकर घर आकर पीने की वस्तु में नशीला पदार्थ मिला दिया।
नशीला पदार्थ पिलाकर किया दुष्कर्म, वीडियो भी बनाई पीड़िता के अनुसार नशीला पदार्थ पिलाने के बाद आरोपी ने उसके साथ रेप किया और इस दौरान उसकी वीडियो भी बना ली। इसके बाद आरोपी ने वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। यह सिलसिला पिछले 7-8 महीनों से लगातार चल रहा था। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी बार-बार धमकी देता था कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो वह वीडियो वायरल कर देगा। पति को बताने के बाद बढ़ीं धमकियां पीड़िता ने बताया कि लगातार मानसिक प्रताड़ना और धमकियों से परेशान होकर उसने पूरी आपबीती अपने पति को बता दी। इसके बाद आरोपी और भी आक्रामक हो गया और उसे व उसके पति को जान से मारने की धमकियां देने लगा। आरोपी ने पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी भी दी। पीड़िता ने बताया कि उसका पति मेहनत-मजदूरी करता है और पूरा परिवार उसी पर निर्भर है। ऐसे में सभी लोग बेहद डरे हुए हैं। पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी पीड़िता की शिकायत पर 14 फरवरी को थाना कुंजपुरा में मामला दर्ज किया गया। पीड़िता और उसके परिवार ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि आरोपी खुलेआम धमकियां दे रहा है, जिससे उनकी जान को खतरा बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।