करनाल जिले के हरिसिंहपुरा-पुंडरी मार्ग पर देर रात एक व्यक्ति की कार को चार-पांच हथियारबंद युवकों ने रोक लिया और लूटने के साथ जान से मारने की कोशिश की। अचानक हुए हमले से घबराकर चालक ने कार को खेतों की ओर मोड़कर किसी तरह अपनी जान बचाई। शोर सुनकर राहगीरों के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना में कार को नुकसान पहुंचा। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव हरिसिंहपुरा निवासी प्रदीप कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। 14 फरवरी को उसके भतीजे की शादी थी। इससे एक दिन पहले घर में लेडिज संगीत और खाने-पीने का कार्यक्रम रखा गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह अपने साथी रोहताश के साथ कार से अपने दोस्त अनिल कुमार को उसके गांव पुंडरी छोड़ने गया था। सुबह तीन बजे रास्ता रोककर किया हमला अनिल कुमार को घर छोड़ने के बाद प्रदीप और रोहताश सुबह करीब तीन बजे लौट रहे थे। जब वे पुंडरी गांव से पहले नाले के पास पहुंचे, तभी अलीपुरा गांव की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उनकी गाड़ी के आगे आकर रास्ता रोक लिया। हथियार लेकर उतरे चार-पांच युवक शिकायत के अनुसार, दूसरी कार से चार-पांच युवक उतरे जिनके हाथों में गंडासी, तलवार, लठ और अन्य तेजधार हथियार थे। उनमें से दो युवक जोर-जोर से कहने लगे कि “आज इसे जिंदा मत छोड़ो, इसकी गाड़ी छीन लो।” यह सुनते ही प्रदीप कुमार घबरा गया। खेतों की ओर मोड़कर बचाई जान प्रदीप कुमार ने तुरंत कार को खेतों की ओर मोड़ दिया और वहां से निकलने की कोशिश की। उसने जोर-जोर से बचाओ-बचाओ का शोर मचाया और 112 पर फोन कर दिया। शोर सुनकर राहगीरों के आने पर आरोपी अपनी कार और हथियार लेकर कैमला की दिशा में भाग गए। कार को नुकसान, भविष्य में खतरे की आशंका घटना के दौरान प्रदीप की कार को काफी नुकसान हुआ। उसने शिकायत में कहा कि जिन लोगों ने रास्ता रोककर हमला किया, वही भविष्य में किसी अनहोनी के लिए जिम्मेदार होंगे। पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी थाना घरौंडा पुलिस ने प्रदीप की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।