करनाल के पश्चिमी यमुना बाईपास पर घोघड़ीपुर की तरफ जाते समय तेज रफ्तार बुलेरो ने पंजाब नंबर की बाइक पर सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत करनाल के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दो की हालत नाजुक बनी हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मृतक की पहचान शिव कॉलोनी निवासी राजन के रूप में हुई है। वह मूल रूप से लुधियाना का रहने वाला था और करनाल में रहकर बिजली का काम करता था। परिजनों के अनुसार, वह घर से दूध लेने के लिए निकला था। कुछ देर बाद परिवार को हादसे की सूचना मिली तो घर में कोहराम मच गया। नहर में कूदने जा रहे युवक को बचाने दौड़े, तभी हुआ हादसा प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों युवक पश्चिमी यमुना नहर के पास खड़े थे। इनमें से एक युवक नहर में कूदने का प्रयास कर रहा था। उसे बचाने के लिए बाकी दोनों युवक उसके पीछे दौड़े। उसी दौरान दूसरी ओर से आ रही तेज रफ्तार बुलेरो ने तीनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। ढाई किलोमीटर दूर पकड़ा गया आरोपी चालक पुलिस ने भाग रहे बुलेरो चालक को करीब ढाई किलोमीटर दूर पकड़ लिया। आरोपी की पहचान कुरुक्षेत्र निवासी मनजीत के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह नशे में धुत था और उसने स्वीकार किया कि उसी से हादसा हुआ है। आरोपी ने यह भी कहा कि उसने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिस ने दर्ज किया मामला, सख्त कार्रवाई की तैयारी एचसी सुरेश ने बताया कि यह हिट एंड रन का मामला है। एक घायल को ईआरवी से अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि अन्य को निजी वाहन से भेजा गया। एचसी प्रदीप कुमार ने बताया कि आरोपी ने विश्वकर्मा चौक के पास मोटरसाइकिल को टक्कर मारी थी। पुलिस ने आरोपी को काबू कर लिया है और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।