करनाल में मिट्टी धंसने से दो श्रमिकों की मौत:सौंकड़ा गांव में पाइप लाइन बिछाते समय हादसा, सुरक्षा पर सवाल

करनाल जिले के तरावड़ी के सौंकड़ा गांव के पास नहर किनारे सड़क पर पाइपलाइन बिछाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रजबाहे के लिए चल रहे काम में खुदाई के लिए बनाए गए गहरे गड्ढे की मिट्टी अचानक धंस गई। गड्ढे में काम कर रहे दो श्रमिकों मिट्टी में दब गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। डेरे की ओर जाने वाली सड़क पर चल रहा था काम हादसे में जान गंवाने वालों में गांव सांभली का रहने वाला 42 वर्षीय रामपाल और भिवानी क्षेत्र का 40 वर्षीय आसाराम शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, नहर के साथ डेरे की ओर जाने वाली सड़क पर रजबाहे के लिए पाइप लाइन बिछाने का कार्य ठेकेदार के माध्यम से कराया जा रहा था। इसी दौरान दो मजदूर गहरे गड्ढे में उतरकर पाइपलाइन से जुड़ा काम कर रहे थे। अचानक ऊपर से मिट्टी भरभराकर गड्ढे में गिर पड़ी और दोनों मजदूर उसमें दब गए। साथियों ने बचाने की कोशिश की हादसा होते ही मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और कर्मचारियों ने दोनों को बाहर निकालने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद मिट्टी हटाई गई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दोनों मजदूरों की सांसें थम चुकी थी। हादसे के बाद परिजन व पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करनाल भेज दिया। सुरक्षा प्रबंधों पर सवाल, जांच में जुटी पुलिस हादसे के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। गहरे गड्ढों में काम से पहले सपोर्ट सिस्टम और अन्य सुरक्षा उपाय किए गए थे या नहीं, इसकी जांच पुलिस कर रही है। जांच अधिकारी कर्मबीर ने बताया कि शुरुआती जानकारी में पाइप लाइन बिछाने के दौरान गड्ढे की मिट्टी धंसने से हादसा सामने आया है। वीरवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *