करनाल में रात को बैंक्वेट हाल में लगी आग:करोड़ों का नुकसान, ढांचा राख हुआ; मालिक बोला- समय पर नहीं पहुंची फायर ब्रिगेड

करनाल के नेशनल हाईवे-44 पर झिंझाड़ी के पास स्थित अमानी बैंक्वेट हॉल में शनिवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे हॉल को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि उस समय बैंक्वेट हॉल में कोई कार्यक्रम नहीं चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झिंझाड़ी के पास स्थित अमानी बैंक्वेट हॉल में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा स्ट्रक्चर जलने लगा। लपटें और धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहे थे। देखते ही देखते बैंक्वेट हॉल का अधिकांश हिस्सा राख में तब्दील हो गया। देखें आग की घटना से जुड़े PHOTOS… फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने पाया काबू घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। लंबे समय तक चली कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पूरे बैंक्वेट हॉल का ढांचा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मालिक ने फायर ब्रिगेड पर लगाया देर से पहुंचने का आरोप झिंझाड़ी के रहने वाले अमानी बैंक्वेट हॉल के मालिक सुमित जैन ने बताया कि आग अचानक लगी थी। उनका कहना है कि बैंक्वेट हॉल का स्ट्रक्चर काफी बड़ा था और इस आगजनी में करीब 10 करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। जैन ने बताया कि आग ने पूरे ढांचे को तहस-नहस कर दिया। उन्होंने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन उनके अनुसार फायर ब्रिगेड की गाड़ियां काफी देर से मौके पर पहुंचीं। बाद में कई गाड़ियां आईं और आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने शुरू की जांच सदर थाना के एसएचओ तरसेम चंद ने बताया कि झिंझाड़ी के पास स्थित अमानी बैंक्वेट हॉल में आग लगने की सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाया गया। उन्होंने बताया कि आग से भारी नुकसान हुआ है और पूरा बैंक्वेट हॉल लगभग ध्वस्त हो गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *