करनाल में संदिग्ध परिस्थिति में बुजुर्ग की मौत:खेतों में डेरे के पास मिली लाश, परिजनों ने जताया रंजिश के चलते हत्या का शक

करनाल जिले में घरौंडा क्षेत्र के भरतपुर गांव में एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बुजुर्ग का शव खेतों में बने पशुओं के डेरे के पास पड़ा मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया था। शनिवार दोपहर बाद पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है। डेरे के पास सुबह पड़ा मिला था शव भरतपुर निवासी 60 वर्षीय प्रीतम पशुओं के डेरे में काम करता था और वहीं रहता था। 13 मार्च की सुबह उसका शव डेरे के पास पड़ा मिला। बताया गया है कि डेरे के मालिक ने 12 मार्च की रात को प्रीतम को खाना दिया था और उस समय वह बिल्कुल ठीक था। लेकिन अगली सुबह जब मालिक डेरे पर पहुंचा तो प्रीतम बाहर जमीन पर पड़ा मिला। इसके बाद तुरंत घरवालों को फोन कर सूचना दी गई। गर्दन पर गमछा लिपटा मिला, पास में लोहे की जाली भी पड़ी थी परिजनों के अनुसार जब वे मौके पर पहुंचे तो प्रीतम की बॉडी डेरे के गेट के बाहर पड़ी थी। उसकी गर्दन पर गमछा लिपटा हुआ था और पास में लोहे की जाली भी रखी हुई थी। परिजनों को शक है कि प्रीतम के साथ कोई अनहोनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी ने पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया है। पुरानी रंजिश का भी जिक्र कर रहे परिजन परिजनों ने बताया कि पहले भी प्रीतम को पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों से धमकी मिल चुकी थी। इसी विवाद के कारण उसका एक बेटा जेल में है, जबकि दूसरा बेटा घर पर ही रहता है। परिवार का कहना है कि उसी रंजिश के चलते यह घटना हो सकती है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस में पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया था। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *