करनाल शहर के ओल्ड सब्जी मंडी क्षेत्र में कपड़े की दुकान का शटर तोड़कर लाखों रुपए की साड़ियों और नकदी चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। करीब 17 लाख रुपए की साड़ियों और मामूली नकदी की चोरी के इस मामले में पुलिस ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी से चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया गया है, इस सामान को रखने के लिए आरोपी ने अंबाला जिले में बराडा के पास एक गांव में दुकान किराये पर भी ली हुई थी, वही से यह सामान बरामद हुआ है, जबकि वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की कार की तलाश अभी जारी है। पुलिस ने खुलासा किया है कि आरोपी पर मर्डर, स्नैचिंग, कार चोरी, चोरी व अन्य करीब 60 अपराधिक मामले दर्ज है। इन सभी मामलों में आरोपी गिरफ्तार है और 16 मामले कोर्ट में विचाराधीन है। अभी आरोपी का रिमांड चल रहा है और पुलिस आरोपी से कार की रिकवरी का भी प्रयास कर रही है। अब सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला
बीती 02-03 मार्च की दरमियानी रात को अज्ञात व्यक्ति ने करनाल की ओल्ड सब्जी मंडी में अप्सरा श्री एंपोरियम दुकान के शटर का ताला तोड़कर अंदर रखी कीमती साड़ियां और करीब 1000 से 1200 रुपए की नकदी चोरी कर ली थी और मौके से फरार हो गया था। घटना के बाद थाना शहर करनाल में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। सीआईए-3 टीम ने 18 दिन तक किया पीछा
मामले की जांच जिला पुलिस की सीआईए-3 टीम को सौंपी गई थी। इंस्पेक्टर अजेय कुमार के नेतृत्व में एएसआई प्रदीप सिंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने लगातार सीसीटीवी कैमरों की मदद से 18 दिन तक करीब 300 किलोमीटर के दायरे में आरोपी को ट्रैक किया और उसकी पहचान सुनिश्चित की। विश्वसनीय साक्ष्यों के आधार पर 22 मार्च को आरोपी को न्यू बस स्टैंड करनाल क्षेत्र से काबू कर लिया गया। जालंधर निवासी अर्जुन शर्मा निकला आरोपी
पुलिस जांच में आरोपी की पहचान जालंधर (पंजाब) निवासी अर्जुन शर्मा पुत्र खेमचंद के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई दर्जनों साडियां व अन्य कपड़ो को बरामद कर लिया है। 23 मार्च को आरोपी को कोर्ट में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया, जहां पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए। 60 से ज्यादा आपराधिक मामलों में शामिल
डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि आरोपी बेहद शातिर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ हरियाणा के विभिन्न जिलों और पंजाब में करीब 60 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, छीना-झपटी, चोरी, कार लूट और कार चोरी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। इनमें से 16 मामले अलग-अलग अदालतों में विचाराधीन हैं। आरोपी करीब 50 साल का है और नाबालिग उम्र से ही अपराध की दुनिया में सक्रिय है। रेकी कर करता था वारदात
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी वारदात से एक दिन पहले इलाके की रेकी करता था। वह यह देखता था कि किस दुकान में कितना सामान है और सुरक्षा के क्या इंतजाम हैं। अप्सरा श्री एंपोरियम में भी एक दिन पहले नया माल आया था। आरोपी ने इसकी जानकारी जुटाई और अगले ही दिन रात को शटर तोड़कर साड़ियां चोरी कर लीं। चोरी का माल गांव में किराये की दुकान में रखा
वारदात के बाद आरोपी साड़ियां लेकर अंबाला में बराड़ा के गांव होली पहुंचा। वहां उसने एक किराये की दुकान ले रखी थी, जहां चोरी का सामान छिपाकर रखा गया। इसके बाद वह अंबाला से जालंधर चला गया था। चोरी की स्विफ्ट डिजायर कार का किया इस्तेमाल
पुलिस के अनुसार आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के लिए स्विफ्ट डिजायर कार का इस्तेमाल किया था। यह कार भी चोरी की है, जिसे उसने साल 2025 में पंजाब से चुराया था। फिलहाल पुलिस आरोपी के कब्जे से कार बरामद करने के प्रयास कर रही है और इसके लिए रिमांड के दौरान पूछताछ जारी है। पानीपत में वारदात की फिराक में था आरोपी
पुलिस ने खुलासा किया कि आरोपी एक ही जगह दोबारा वारदात नहीं करता। करनाल में चोरी के बाद वह अगली वारदात के लिए पानीपत की ओर जा रहा था। जिस दिन उसे गिरफ्तार किया गया, उस दिन भी वह पानीपत जाने की तैयारी में था। सीसीटीवी बंद होने से मिली मदद
डीएसपी ने बताया कि जिस इलाके में चोरी हुई, वहां आसपास की दुकानों के सीसीटीवी कैमरे बंद थे। कई बार शॉर्ट सर्किट के कारण कैमरे काम नहीं करते, जिसका फायदा ऐसे अपराधी उठाते हैं। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि अपने सीसीटीवी कैमरे हमेशा चालू रखें और सुरक्षा के लिए बाहर के ताले की बजाय सेंटर लॉक का इस्तेमाल करें, ताकि चोरी की घटनाओं को रोका जा सके। रिमांड के दौरान की जा रही पूछताछ
डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि अभी आरोपी दो दिन के रिमांड पर है और अभी आरोपी से कार की रिकवरी भी की जानी है। कल रिमांड पूरा होने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।