करनाल से लापता युवक का सफीदों नहर से मिला शव:ससुर ने बेरहमी से पीटा था; भाई से कॉल पर बोला-नहर पर बैठा हूं

करनाल जिले में शिव कॉलोनी में मारपीट की घटना के बाद संदिग्ध हालात में लापता हुए 25 वर्षीय युवक का शव सफीदों के पास नहर से मिला है। युवक 26 फरवरी की रात से गायब था। उसकी बाइक पहले ही पश्चिमी यमुना नहर किनारे मिली थी। अब शव मिलने के बाद परिजन सफीदो के लिए रवाना हो गए हैं। वहां शिनाख्त की औपचारिकता पूरी कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंपा जाएगा। क्या है पूरा मामला
करनाल के शिव कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय शुभम सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था, उसकी शादी तीन साल पहले हुई थी और वह एक बच्चे का पिता था। शुभम के ससुर का घर उसके घर के सामने ही है। शुभम की मां ने आरोप लगाया कि 26 फरवरी को उसके बेटे के साथ करीब 10 लोगों ने मारपीट की। आरोपियों में उसका ससुर, एक पड़ोसी और अन्य लोग शामिल थे। मां के अनुसार मारपीट में तीन महिलाएं भी शामिल थी। उन्होंने बताया कि शुभम को पूरी कॉलोनी में भगा-भगा कर पीटा गया। घर में बंद कर दी मां, तोड़फोड़ का आरोप मां का कहना है कि बाद में आरोपी शुभम को घर छोड़ने आए और वहां भी उसके साथ मारपीट की गई। जब वह बेटे को बचाने के लिए आगे बढ़ी, तो आरोपियों ने उसे कमरे में बंद कर दिया। इस दौरान शुभम उसे आवाज लगाता रहा। परिवार ने आरोप लगाया कि घर में तोड़फोड़ भी की गई। परिजनों का कहना है कि विवाद किस बात को लेकर हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। रोजाना शराब पिलाने का आरोप शुभम की मां ने यह भी आरोप लगाया कि उसका ससुर रोजाना शुभम को अपने साथ ले जाकर शराब पिलाता था। वह इसका विरोध करती थी, लेकिन उसकी बात नहीं मानी जाती थी। शुभम के छोटे भाई गुरजीत ने बताया कि 26 फरवरी की रात करीब 9 बजे ससुर का फोन आया था। इसके बाद वह शुभम को अपने साथ ले गया। रात करीब 12 बजे शुभम की आखिरी कॉल आई थी। उसने बताया कि वह नहर किनारे बैठा है। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया। नहर किनारे मिली बाइक शुभम के लापता होने के बाद परिजन उसकी तलाश करते हुए पश्चिमी यमुना नहर तक पहुंचे। वहां उसकी बाइक खड़ी मिली। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने पुलिस और राज्य आपदा राहत बल से नहर में सर्च ऑपरेशन चलाने की मांग की, तो उन्हें कहा गया कि तीन दिन में शव खुद पानी से ऊपर आ जाएगा। इस बात को लेकर परिवार में नाराजगी रही। गोताखोर प्रगट सिंह ने चलाया सर्च अभियान इसके बाद परिजनों ने गोताखोर प्रगट सिंह से संपर्क किया। प्रगट सिंह और उनकी टीम ने नहर में सर्च अभियान शुरू किया। कई दिन तक तलाश के बाद भी पहले कोई सुराग नहीं मिला। परिवार मुनक हेड पर भी खोजबीन करता रहा। सफीदो के पास से मिला शव गोताखोर प्रगट सिंह ने बताया कि शुभम का शव सफीदो के पास नहर से बरामद हुआ है। सफीदो से एक फोटो उनके पास आई थी, जिसे परिजनों को भेजा गया। फोटो देखने के बाद परिजनों ने शुभम की पहचान की पुष्टि की। प्रगट सिंह ने बताया कि शुभम के लापता होने के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। वे लगातार तलाश कर रहे थे। अब शव मिलने के बाद परिवार सफीदो के लिए रवाना हो गया है। वहां एक बार फिर शिनाख्त की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *