पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद सतलोक आश्रम के प्रमुख रामपाल की रिहाई का रास्ता साफ हो गया है। हत्या और अन्य धाराओं में दर्ज केस में उम्रकैद की सजा काट रहा रामपाल 11 साल, 4 महीने और 20 दिन बाद हिसार सेंट्रल जेल-2 से बाहर निकलेगा। कागजी प्रक्रिया के बाद रामपाल अब शुक्रवार (10 अप्रैल) को जेल से बाहर आएगा। उनके वकील सचिन दास ने कहा कि हाईकोर्ट से उनका बेल ऑर्डर मिल गया है। जिसे स्थानीय कोर्ट में जमा कर उनकी रिहाई हो जाएगी। जेल में रामपाल की पहचान कैदी नंबर 1005 के रूप में है। वह जेल में एक स्पेशल बैरक में रहता है। अधिकतर समय लाइब्रेरी में आध्यात्मिक किताबें पढ़कर गुजारता है। खास बात है कि वह जेल में अन्य कैदियों की मदद करता है। जो कैदी उससे मदद की गुहार लगाता है, वह अपनी लीगल टीम से उनकी कानूनी मदद करता है। अब तक वह हत्या के 4 से 5 मामलों में बंद कैदियों की मदद कर कर चुका है। उसके अनुयायी उसकी रिहाई का बेसब्री से इंतजार कर रहे है। हालांकि अब जमानत की खबर अनुनायियों की लगी तो गुरुवार को बड़ी संख्या में जेल के बाहर जुटना शुरू हो गए है। महिलाएं रामपाल को लेकर भावुक नजर आईं। सोनीपत में तो लड्डू बांटे गए। रामपाल के हिसार में वकील महेंद्र सिंह नैन ने दैनिक भास्कर एप से रामपाल के बारे में कई बातें बताईं। जेल में कैसी है दिनचर्या, 78 साल की उम्र में कैसा स्वास्थ्य, कब तक होगी रिहाई और आगे रामपाल क्या करेगा? ऐसे ही कई सवालों के जवाब वकील महेंद्र नैन ने दिए। पढ़िए पूरी खबर… अनुयायी बोलीं- हमारे लिए इससे बड़ा खुशी का पल नहीं जेल के बाहर मौजूद रामपाल की अनुयायी से भास्कर रिपोर्टर ने सवाल किया कि रामपाल जेल से 11 साल बाद बाहर आ रहे हैं, इसे कैसे देखती है? इसका जवाब देते हुए कमलेश बोलीं- बहुत खुशी हो रही है गुरुजी के बाहर आने की जानकारी मिलने की। दिल गदगद हो रहा है। दिल तरस रहा है कि कब आएंगे। कब उन्हें चरण सेवा देऊंगी। बताया कि पहले कपड़े की दूकान थी, चली नहीं तो मैंने उठा दी। बच्चे बाहर रहते है। अब तो गुरुजी की सेवा ही सब कुछ, उन्हीं का सहारा है। उनकी भक्ति करो, सब कुछ देंगे मालिक। जिस दिन जेल गए थे, बहुत दुख हुआ था। भावुक होते हुए बोलीं- गुरुजी के बाहर आने की इतनी खुशी हो रही है, बस जता नहीं सकती। लोगों ने बहुत कुछ कहा, लेकिन हमने किसी की नहीं मानी। अब गुरुजी बाहर आने वाले है, यह हमारे लिए बड़ी खुशी का पल है। इससे बड़ा दिन हमारे लिए नहीं हो सकता। कमलेश के साथ आई दीपा बोलीं- परमात्मा के बारे में सुना, बड़ी खुशी हो रही है। परमात्मा बाहर आ रहे है। अनुयायियों में जश्न, लड्डू बांटकर मनाई खुशी उधर, सोनीपत के धनाना गांव समेत विभिन्न स्थानों पर रामपाल के अनुयायियों ने जश्न मनाया। कई जगहों पर लड्डू बांटे गए और एक-दूसरे को बधाई दी गई। संत रामपाल के भतीजे युद्धवीर दास ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उनके गुरुजी 11 साल बाद जेल से बाहर आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संत रामपाल को राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया गया था। उन्होंने कहा कि कोर्ट ने “दूध का दूध और पानी का पानी” कर दिया है और यह दिन उनके लिए बेहद खास है। रामपाल के वकील महेंद्र सिंह नैन से खास बातचीत… 1. रामपाल महाराज को जमानत मिल गई है, कब बाहर आएंगे?
पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने मुकदमा नंबर 428 में ट्रायल चल रहा है। इसी केस में देशद्रोह, हत्या सहित कई धाराएं लगी थी। इसमें कोर्ट की तरह से अगस्त में तारीख मिली थी। अब सुप्रीम कोर्ट से डारेक्शन आई थी कि इतनी लंबी डेट नहीं दे सकते। इसके बाद 8 अप्रैल की तारीख मिली थी, जिस पर आज हाईकोर्ट ने नियमित बेल रामपाल महाराज को दे दी। अब बेल बॉड भरे जाएंगे। हाईकोर्ट के ऑर्डर का इंतजार है। इसके बाद देखना होगा कि बेल बॉन्ड ट्रायल कोर्ट में भरा जाएगा या सीजेएम कोर्ट में। कहना है कि यदि हाईकोर्ट के आदेश कल जाते है, तो परसो तक रिहाई संभव है। 2. इस केस में कौन-कौन सी धाराएं लगाई गई हैं?
मुकदमा नंबर 428 में काफी धाराएं हैं। इसमें 307, देशद्रोह, 148-149 जैसी धाराएं हैं। मगर, मेन धारा देशद्रोह की है। महाराज पर जो भी एफआईआर दर्ज हुई, उसका कोई आधार नहीं था। ऐसा कोई ऑफेंस बनता नहीं हैं। हमारे खिलाफ सिर्फ आरोप थे कि इन्होंने पुलिस के साथ लड़ाई-झगड़ा किया। मगर, जब पुलिस किसी को गिरफ्तार करने जाती है जो वहां ऐसी घटना हो जाती है। इससे यह साबित नहीं होती कि यह झगड़ा उसी व्यक्ति ने किया है। 3. रामपाल ने जो सेवा कार्य पिछले दिनों किए हैं, उसका फायदा मिला?
यह चीजें बेल के लिए आधार नहीं होती, मगर रामपाल महाराज ने सेवा कार्य किए हैं। इसे देखा जा सकता है। बाढ़ ग्रस्त गांवों में पाइप और मोटरें पहुंचाई हैं। लोग भी इसकी सराहना करते हैं। जहां तक प्रशासन और सरकार नहीं पहुंच पाई, वहां रामपाल महाराज ने मदद पहुंचाई है। उनको ग्राम पंचायतों और किसानों की ओर से सम्मानित भी किया गया है। 4. रामपाल का स्वास्थ्य कैसा है और बाहर आने के बाद क्या करेंगे?
रामपाल महाराज पूरी तरह स्वस्थ हैं हालांकि उनकी उम्र करीब 78 साल की हो गई है। वह सिमित भोजन और सिमित बातें करते हैं। जमानत की सूचना उन्हें मिल गई है। मगर, उनको इस चीज से कोई फर्क नहीं पड़ता। वह जेल में भी वैसा ही जीवन जी रहे थे, जैसा बाहर रहते हैं। वह जेल से बाहर कहां जाएंगे? इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। वह जेल में रहकर भी गरीबों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहते है। अब जानिए रामपाल केस में कब, क्या और कैसे हुआ… ———————– ये खबर भी पढ़ें… 11 साल बाद जेल से बाहर आएगा रामपाल:देशद्रोह केस में हाईकोर्ट से जमानत; हिसार के सतलोक आश्रम में 6 लोगों की मौत हुई थी सतलोक आश्रम के प्रमुख रामपाल को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। हाईकोर्ट ने गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) मामले में रामपाल को जमानत दी है। इसके साथ ही करीब 11 साल 5 महीने बाद रामपाल का जेल से बाहर आने का रास्ता लगभग साफ हो गया। (पूरी खबर पढ़ें)