कविंद्र गुप्ता हिमाचल के राज्यपाल बनाए गए:अब शिव प्रताप शुक्ला तेलंगाना के गवर्नर होंगे, राष्ट्रपति कार्यालय में देर रात आदेश जारी किए

भारत के राष्ट्रपति ने लद्दाख के उप राज्यपाल कविंद्र गुप्ता को हिमाचल प्रदेश का नया गवर्नर नियुक्त किया है। हिमाचल के गवर्नर शिव प्रताप शुक्ल को तेलंगाना का राज्यपाल बनाया गया है। इसे लेकर गुरुवार देर रात आदेश जारी कर दिए गए है। हिमाचल के नए राज्यपाल कविंदर गुप्ता जम्मू-कश्मीर विधानसभा के स्पीकर और उप मुख्यमंत्री रहने के साथ ही जम्मू के मेयर भी रह चुके हैं। इसके बाद उन्हें लद्दाख का उपराज्यपाल बनाया गया था। गुप्ता ने पिछले साल 18 जुलाई को केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के तीसरे उपराज्यपाल के रूप में शपथ ली थी। वे करीब साढ़े सात महीने तक इस पद पर रहे और अब उन्हें हिमाचल प्रदेश के गवर्नर की जिम्मेदारी दी गई है। तीन बार मेयर रह चुके जम्मू शहर के जानीपुर इलाके के रहने वाले 66 वर्षीय कुलविंदर गुप्ता लगातर तीन बार जम्मू के महापौर भी रह चुके हैं। उन्होंने BJP की राज्य इकाई के महासचिव के तौर पर भी काम किया था। इसके अलावा 1993 से 1998 तक वह लगातार दो बार भारतीय जनता युवा मोर्चा की जम्मू कश्मीर इकाई के अध्यक्ष भी रहे। कविंदर गुप्ता साल 2014 के विधानसभा चुनाव में गांधी नगर सीट से पहली बार MLA चुने गए थे। इसके बाद, उन्हें बिना किसी विरोध के हाउस का स्पीकर चुना गया। उनके सार्वजनिक जीवन की शुरुआत विश्व हिंदू परिषद के सेक्रेटरी के तौर पर काम करते हुए हुई थी और इमरजेंसी के दौरान करीब 13 महीने वह जेल में भी रहे थे। इन प्रदेशों में भी बदले गवर्नर यह फेरबदल पश्चिम बंगाल के गवर्नर डॉ. सीवी आनंद बोस के इस्तीफा के बाद किया गया। राष्ट्रपति कार्यालय ने नौ राज्यों के गवर्नर बदले हैं। तरनजीत सिंह संधु को दिल्ली का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। तेलंगाना के राज्यपाल जिश्नु देव वर्मा को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। नंद किशोर यादव को नगालैंड और लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन को बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया। तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि अब से पश्चिम बंगाल और केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर तमिलनाडु के राज्यपाल का काम संभालेंगे, जबकि दिल्ली के राज्यपाल वीके सक्सेना को लद्दाख का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *