कांगड़ा में आज उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि नगरोटा विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग के तहत विभिन्न योजनाओं पर 250 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। इससे लोगों को पेयजल की बेहतर सुविधा मिलेगी। रविवार को नगरोटा में विकास पुरुष स्व. जीएस बाली की स्मृति में आयोजित चार दिवसीय मेले के समापन पर उपमुख्यमंत्री मुख्य अतिथि थे। उन्होंने कहा कि जीएस बाली ने राज्य के विकास में अमूल्य योगदान दिया है। कैबिनेट मंत्री रहते हुए उन्होंने अपने विभागों के आधुनिकीकरण के लिए पहल की थी। इसी कारण आज भी लोग उन्हें याद करते हैं।अग्निहोत्री ने बताया कि कांगड़ा जिले के लिए दो मध्यम सिंचाई परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। इससे जिले के लगभग 160 गांवों को सिंचाई सुविधा मिलेगी। इससे हजारों किसान लाभान्वित होंगे और कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा जिले के ज्वाली विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित “सूखाहार मध्यम सिंचाई परियोजना” को भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय की तकनीकी सलाहकार समिति ने मंजूरी दे दी है। यह परियोजना लगभग 219 करोड़ रुपए की लागत से तैयार होगी। 24 हजार से ज्यादा लोगों को फायदा
इस परियोजना से ज्वाली और शाहपुर विधानसभा क्षेत्रों के 45 गांवों की 2,186 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। इससे लगभग 24,120 ग्रामीणों को सीधा फायदा होगा। अग्निहोत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए राजीव गांधी स्वरोजगार योजना लागू की गई है। इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने भी जीएस बाली को याद किया। उन्होंने कहा कि बाली एक दूरदर्शी नेता थे, जो हमेशा आम जनता की सेवा के लिए तत्पर रहते थे। कार्यक्रम में कैबिनेट रैंक मंत्री आरएस बाली ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। कार्यक्रम के बाद उपमुख्यमंत्री ने नगरोटा में 2 करोड़ 94 लाख रुपए की लागत से निर्मित निरीक्षण कुटीर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर बाल मेला कमेटी की ओर से पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने सराज आपदा के लिए 11 लाख रुपए का चेक दिया।