कांगड़ा में 19 महीने बाद पकड़ में आया नशा तस्कर:कई स्टेट में छिपकर रहा, दो पहले ही पकडे़ जा चुके

कांगड़ा पुलिस ने 1 किलो 950 ग्राम चरस मामले में 19 महीने से फरार तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुरिंदर पाल उर्फ मिर्जा के रूप में हुई है, जिसे फतेहपुर, जवाली से पकड़ा गया। डीएसपी अंकित शर्मा ने बताया कि, यह मामला 12 मार्च, 2024 का है। उस दिन कांगड़ा पुलिस स्टेशन की टीम ने कछियारी चौक के पास 1.950 किलोग्राम चरस जब्त की थी। इस दौरान दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया था, जबकि सुरिंदर पाल भागने में सफल रहा था। पंजाब और हरियाणा में छिपता रहा सुरिंदर पाल लगभग 19 महीने तक भूमिगत रहा और इस दौरान वह जम्मू, पंजाब और हरियाणा के विभिन्न इलाकों में छिपा रहा। कांगड़ा पुलिस लगातार उस पर नजर रख रही थी और ठिकाने की जानकारी मिलते ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसे पकड़ने के लिए कांगड़ा पुलिस ने नूरपुर पुलिस के साथ मिलकर काम किया। डीएसपी अंकित शर्मा के अनुसार, आरोपी सुरिंदर पाल कांगड़ा पुलिस स्टेशन में हिरासत में है और उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपी कांगड़ा जिले की जवाली तहसील की चलवाड़ा पंचायत का निवासी है। पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *