कांगड़ा विधायक पवन ने बजट को किसान हितैषी बताया:बोले- ग्रामीण रोजगार और विकास पर फोकस, रोजगार व कनेक्टिविटी पर जोर

हिमाचल प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष और कांगड़ा विधायक पवन काजल ने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट को ग्रामीण विकास और किसान हितैषी करार दिया है। उन्होंने कहा कि बजट में ग्रामीण रोजगार और विकास पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास और रोजगार के लिए ‘विकसित भारत जीरामजी रोजगार गारंटी योजना’ एक प्रमुख परियोजना है। यह योजना मनरेगा का एक उन्नत स्वरूप है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण रोजगार को और मजबूत करना है। इस योजना के लिए लगभग 1,51,282 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 72 प्रतिशत अधिक है। इसके तहत ग्रामीण परिवारों को 100-125 दिनों तक रोजगार की गारंटी, बेरोजगारी भत्ता और लंबित मजदूरी पर ब्याज समर्थन जैसी सुविधाएं मिलेंगी। विधायक पवन बोले- ग्रामीण अर्थव्यवस्था को प्राथमिकता दी गई विधायक पवन काजल ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि को प्राथमिकता दी गई है। कृषि और ग्रामीण क्षेत्रों को विकास का पहला इंजन माना गया है, जिसे और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया है, ताकि खेती-बाड़ी, ग्रामीण उद्योग और कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिल सके। ग्रामीण युवाओं, महिला उद्यमियों, छोटे किसानों के लिए निवेश, क्रेडिट और कौशल समर्थन कार्यक्रम बढ़ाने की उम्मीद है। ग्रामीण सड़कों (पीएम-ग्राम सड़क योजना) और कनेक्टिविटी परियोजनाओं के लिए संसाधन बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है, जिससे ग्रामीण कनेक्टिविटी और बाजार तक पहुंच बेहतर हो सके। ग्रामीण क्षेत्रों में आवास योजनाएँ (पीएमएवाई-ग्रामीण) और स्थानीय बुनियादी सेवाओं के विस्तार का समर्थन भी जारी रहेगा। भाषण में यह भी दोहराया गया कि ग्रामीण और कृषि क्षेत्रों को ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य के तहत एक मुख्य विकास धुरी के रूप में देखा गया है, जो समग्र आर्थिक प्रगति को गति देगा। काजल ने रविवार को वार्ड नंबर पांच, झिकला चतरेटा में नया विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित करने पर आभार जताने आए लोगों से बात की। पवन काजल ने बताया कि लिंक रोड सलोल बरूटू से झिकला चतरेटा तत्वानी तक, जिसमें गज खड्ड पर 112.50 मीटर स्पेन ब्रिज का निर्माण भी शामिल है, 17 करोड़ 12 लाख रुपये की डीपीआर विधायक प्राथमिकता योजना के अंतर्गत नाबार्ड बैंक को भेजी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सड़क का निर्माण भी शीघ्र करवा दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *