हरियाणा की सियासत में राज्यसभा चुनाव के बाद मची हलचल अब धरातल पर दिखने लगी है। हथीन से कांग्रेस विधायक मोहम्मद इसराइल चौधरी द्वारा भाजपा समर्थित प्रत्याशी सतीश नांदल के पक्ष में ‘क्रॉस वोटिंग’ करने के बाद शनिवार को हथीन में एक बड़ा नजारा देखने को मिला। मौका था रामनवमी और ईद मिलन समारोह का। यहां कांग्रेस विधायक इसराइल और भाजपा के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह एक ही सोफे पर बैठे नजर आए। मंत्री राव नरबीर सिंह ने कांग्रेस विधायक की ‘क्रॉस वोटिंग’ पर मुहर लगाते हुए कहा कि कांग्रेस विधायक ने क्षेत्र के विकास के लिए साहसिक फैसला लिया है। यह वोट क्षेत्र के पिछड़ेपन को दूर करने की सोच के साथ दिया गया समारोह को संबोधित करते हुए हरियाणा के उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि हथीन से कांग्रेस विधायक इसराइल चौधरी द्वारा भाजपा समर्थित प्रत्याशी सतीश नांदल को दिया गया वोट केंद्र या प्रदेश की राजनीति पर कोई प्रभाव नहीं डालता, क्योंकि दोनों जगह पूर्ण बहुमत की सरकारें हैं। उन्होंने कहा कि यह वोट क्षेत्र के पिछड़ेपन को दूर करने की सोच के साथ दिया गया है। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की “सबका साथ, सबका विकास” नीति के तहत हथीन को विकास से अछूता नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हथीन के औद्योगिक क्षेत्र का चहुंमुखी विकास किया जाएगा और क्षेत्र को आगे बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। राव नरबीर सिंह ने कहा कि विधायक इसराइल चौधरी क्षेत्र के विकास के लिए जो भी मांग रखेंगे, उसे हरसंभव पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। इसराइल चौधरी बोले– अंतरात्मा की आवाज से वोट दिया विधायक मोहम्मद इसराइल चौधरी ने समारोह में कहा कि उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी सतीश नांदल को अपनी अंतरात्मा की आवाज और क्षेत्र की भलाई के लिए वोट दिया है। उन्होंने कहा कि वोट देना उनका अधिकार है और उन्होंने वही किया जो उन्हें सही लगा। वोट को लेकर उठ रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनकी आलोचना कर रहे हैं, लेकिन वे खुलकर स्वीकार करते हैं कि उन्होंने सतीश नांदल को ही वोट दिया है। उन्होंने मेवात के कुछ नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि दूसरों पर उंगली उठाने से पहले उन्हें अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। सामाजिक सौहार्द का संदेश, बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल रामनवमी और ईद मिलन के इस संयुक्त समारोह में सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया गया। लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में केबिनेट मंत्री विपुल गोयल, हज कमेटी के चेयरमैन ओरंगजेब, हज कमेटी के पूर्व चेयरमैन खुर्शीद राजाका सहित जिले के गणमान्य नागरिक और भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।