कानपुर में कुत्ते ने युवती का होठ चबाया:निजी अस्पताल में युवती की सर्जरी हुई, सचान गेस्ट हाउस चौराहा पर किया था हमला

कानपुर के सचान गेस्ट हाउस चौराहा पर आवारा कुत्तों ने एक युवती को दौड़ाया और वह गिरी तो उसके होठ को चबा लिया। इसके साथ ही कुत्तों ने युवती के शरीर पर कई जगह काट लिया। इलाकाई लोगों ने किसी तरह युवती को कुत्तों से बचाया और उसे पास के एक निजी अस्पताल में एडमिट कराया और परिवार के लोगों को सूचना दी। परिजनों की मानें तो हैलट अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे एडमिट करने से इनकार कर दिया। इसके बाद पिता ने कर्ज लेकर उसका एक निजी अस्पताल में होठ की सर्जरी कराई है। कानपुर के बर्रा-6 ए-ब्लॉक में रहने वाली 20 साल की युवती किदवई नगर की एक टेक्सटाइल कंपनी में नौकरी करती है। बीए की पढ़ाई भी कर रही है। सिलाई का काम करने वाले पिता संजय कुशवाहा ने बताया कि उनकी बेटी 1 अप्रैल की शाम को किदवई नगर स्थित ऑफिस से घर लौट रही थी। सचान गेस्ट हाउस चौराहा साउथ में आटो चेंज करने के दौरान कुत्तों ने उसे दौड़ा लिया और वह गिर पड़ी। इस दौरान कुत्तों ने उसके होठ को चबा लिया और शरीर में कई जगह काट लिया। राहगीरों ने किसी तरह बेटी को कुत्तों के चंगुल से छुड़ाया और पास के एक निजी अस्पताल में एडमिट कराया। इसके साथ ही पिता को कॉल पर सूचना दी। परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे और बेटी निकिता को हैलट अस्पताल ले गए। पिता ने बताया कि हैलट अस्पताल में उसे एडमिट करने से मना कर दिया। कहा कि उसे पहले रैबीज का इंजेक्शन लगवाइए। इसके बाद ही उसका इलाज यहां पर हो सकेगा और वापस कर दिया। इसके बाद परिवार के लोगों ने बर्रा दो स्थित आश्वी हॉस्पिटल में एडमिट कराया। पिता संजय कुशवाहा ने बताया कि उनकी पत्नी मनोरमा हाउस वाइफ है। इसलिए बेटी बीए करने के साथ ही प्राइवेट जॉब भी कर रही है। उनके पास बेटी की सर्जरी के लिए रुपए नहीं थे। उन्होंने कर्ज लेकर 5 अप्रैल को बेटी के होठ की सर्जरी निजी अस्पताल में कराई है। उन्होंने कहा कि नगर निगम को अभियान चलाकर शहर के आवारा कुत्तों को पकड़ना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *