‘कानपुर में हॉर्न बजाने पर लोग हटते नहीं हैं’:फिल्म एक्टर नीरज सूद बोले- मैं भी जाम में फंसा हूं, ट्रैफिक पुलिस ध्यान दे

‘कानपुर में भीड़ थोड़ी ज्यादा बढ़ गई। मुझे भी जाम की समस्या से जूझना पड़ा। मैं कभी भी शूटिंग पर टाइम से नहीं पहुंच पाता था। समय पर पहुंचने के लिए 1 घंटे पहले निकलना पड़ता था। यहां लोग रास्ते से हटते नहीं हैं। मैं नॉइज प्लायूशन की वजह से ज्यादा हॉर्न का प्रयोग नहीं करता, लेकिन उसके बगैर कानपुर में गुजारा नहीं है। अगर लोगों में थोड़ी जिंददिली आ जाए, तो क्या बात है। मैं चाहूंगा कि ट्रैफिक पुलिस इस ओर खास ध्यान दे।’ ये कहना है बैंड बाजा बारात, शुभ मंगल सावधान और जबरिया जोड़ी जैसी सुपरहिट फिल्मों में शानदार किरादार निभाने वाले अभिनेता नीरज सूद का। नीरज सूद इन दिनों कानपुर में 18 मिनट की शॉर्ट फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। इस दौरान दैनिक भास्कर के साथ उन्होंने अपने कानपुर के अनुभवों को साझा किया। पढ़िए पूरी रिपोर्ट…. पहले देखिए शूटिंग से जुड़ी तस्वीरें 18 मिनट की शॉर्ट फिल्म की शूटिंग कर रहे अभिनेता नीरज सूद अभिनेता नीरज सूद साइबर ठगी पर बन रही 18 मिनट की शॉर्ट फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। फिल्म में नीरज सूद इंस्पेक्टर बाबूलाल दुबे की भूमिका निभा रहे हैं। यह फिल्म कानपुर पुलिस कमिश्नरेट की पहल पर तैयार की जा रही है, जिसका मकसद लोगों को साइबर ठगों से सतर्क करना है। फिल्म की कहानी कोतवाली थाना क्षेत्र के एक परिवार पर आधारित है, जिसमें बेटी की शादी के लिए पिता करीब 10 लाख रुपए की जमीन बेच देते हैं। शादी का दिन आता है। बारात दरवाजे पर खड़ी होती है। बेटी दुल्हन बनकर कमरे में बैठी है। रिश्तेदार दुल्हन के माता-पिता और उसके भाई को खोज रहे होते हैं। इसी बीच घर के एक कमरे में पिता, मां और बेटे के शव फंदे पर लटके मिलते हैं। पुलिस जांच करती है तो साइबर ठगी का पता चलता है। जांच में सामने आता है कि पिता साइबर ठगों के जाल में फंस गए थे। ठगों ने उनके खाते से शादी के लिए जमा पूरी रकम निकाल ली। बारात आ चुकी थी, लेकिन पैसे का इंतजाम नहीं हो सका। सामाजिक दबाव और शर्मिंदगी के डर से परेशान होकर दंपत्ति और उनके बेटे ने फंदे से लटककर सुसाइड कर लिया। एक्टर बोले- कानपुर के हींग वाले गोलगप्पे बहुत पसंद हैं अभिनेता नीरज सूद ने बताया- मैं 2016 में पहली बार एक मूवी की शूटिंग के लिए कानपुर आया था। इस दौरान करीब एक महीने मैं यहां रुका था। मैं कानपुर के बारे में क्या बोलूं, यह बहुत ही खूबसूरत शहर है। यहां के गोलगप्पे, खासकर हींग के पानी वाला… झाग वाला मक्खन, आलू चाट बहुत ही बढ़िया हैं। यहां के लोग बहुत ही खुशमिजाज किस्म के हैं। 10 साल बाद कानपुर आया हूं… चीजें बहुत बदल गई है, इंसानियत, जिंदादिली वैसी ही है। कानपुर में सुपरस्टार वरूण धवन, नवाजुद्दीन सिद्दकी, अनिल कपूर के शूटिंग करने और फिल्मों में शहर की भाषा शैली के इस्तेमाल के सवाल के बारे में उन्होंने कहा- मैंने कनपुरिया अंदाज में एक फिल्म की थी, जिसका नाम था यहां सभी ज्ञानी हैं… तो अब आप समझ जाइए कि कानपुर का नाम क्या होगा? एक महीना वही मूवी की थी, जीजा-साले की स्टोरी थी।
फिल्म में इंस्पेक्टर बाबूलाल पांडेय का एक मजबूत किरदार अभिनेता नीरज सूद ने बताया- इससे पहले वह निर्देशक धीरज के साथ एक फिल्म में काम कर चुके हैं। धीरज ने उन्हें साइबर फ्रॉड पर आधारित शॉर्ट फिल्म ‘कॉल 1930’ के बारे में बताया। उन्होंने कहा- धीरज ने मुझसे कहा कि इस फिल्म में इंस्पेक्टर बाबूलाल पांडेय का एक मजबूत किरदार है, जिसे मैं बेहतर तरीके से निभा सकता हूं। जब मैंने फिल्म का कॉनसेप्ट सुना तो मुझे बहुत अच्छा लगा। यह सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने की कोशिश है। इसलिए मैंने तुरंत हां कर दी। क्या कभी साइबर फ्रॉड का शिकार हुए? इस सवाल पर नीरज सूद ने कहा- भगवान न करे कि कोई भी इसका शिकार हो। मैं खुद तो नहीं हुआ, लेकिन इसके कई मामले सुने हैं। अब तो ठग लोगों को डिजिटल तरीके से ‘हाउस अरेस्ट’ जैसा डर दिखाकर करोड़ों रुपए तक ठग लेते हैं। लोग डर और घबराहट में अपनी पूरी जमा-पूंजी गंवा देते हैं। उन्होंने कहा कि निर्देशक धीरज ऐसी फिल्म बना रहे हैं, जो समाज में जागरूकता लाने का काम करेगी। लोगों को यह फिल्म जरूर देखनी चाहिए और साइबर फ्रॉड से बचने के तरीके समझने चाहिए। ———————– ये खबर भी पढ़ेंः- जर्मनी से यूपी आई बारात, दूल्हा-दुल्हन ने लकड़ी काटी:गुस्ताव ने खुशी के नाम की मेहंदी लगाई, हाथ पकड़कर जमकर नाचे विदेश से आई बारात, देसी अंदाज में शादी की रस्में, स्टेज पर आरी से लकड़ी काटते दूल्हा और दुल्हन…फिरोजाबाद की इस अनोखी शादी ने हर किसी को चौंका दिया। जर्मनी से आए दूल्हे गुस्ताव ने न सिर्फ भारतीय रीति-रिवाजों से शादी रचाई, बल्कि दुल्हन खुशी के नाम की मेहंदी लगाकर प्यार का इजहार किया। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *