भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब सरकार की ओर से जनता को बेहतर सेहत सुविधाओं के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 21 नए आरोग्य केंद्र 10 दिन में जनता को समर्पित किए जाएंगे। इन क्लीनिकों को नवंबर में तैयार करने के निर्देश जारी किए गए थे। जिले में पहले से ही 72 क्लीनिक चल रहे हैं और अब 21 नए मिलने जा रहे हैं जिनका काम लगभग पूरा हो चुका है। अगले 10 दिन में इनका उद्घाटन किया जाएगा। शहर में शुरू किए जा रहे नए क्लीनिकों से लाखों लोगों को घर के पास मुफ्त सेहत सुविधाएं मिलेंगी। सेहत विभाग के मुताबिक, नए क्लीनिक केंद्रीय जेल अमृतसर, न्यू अमृतसर स्थित 7 एकड़ पार्क स्कीम के अलावा लेबर कॉलोनी में क्लीनिक स्थापित करने के लिए टेंडर जारी किए गए थे। इसके अलावा राम नगर बटाला रोड और न्यू फोकल प्वाइंट वल्ला पर जमीन को लेकर कुछ तकनीकी समस्याएं आई थी, जिन्हें दूर कर लिया गया है। इनके अलावा सर्कुलर रोड, नौशहरा कलां, मूले चक्क, टीबी सेनिटोरियम, खजाना गेट से झब्बाल रोड और रानी का बाग स्थित लाइब्रेरी, मिशन कंपाउंड, गली नंबर 32 के बाहर, पीरांवाला पार्क में पोर्टा केबिन बनाने का काम शुरू हुआ था, जो लगभग पूरा हो चुका है। इसी तरह एमसी लैंड, आर्य समाज स्कूल के नजदीक, कांगड़ा कॉलोनी, वार्ड 10, वार्ड 12 और कीर्तनगढ़ गुरुद्वारा के नजदीक स्थापित किए गए हैं। विभाग की कोशिश थी कि 26 जनवरी से पहले ये सभी क्लिनिक शुरू हो जाए लेकिन किसी कारण उक्त काम पूरा नहीं हो पाया। बता दें कि हरेक क्लीनिक में एक डॉक्टर, एक फार्मासिस्ट, एक क्लीनिकल अस्सिटेंट और एक हेल्पर की नियुक्ति होगी। इन क्लीनिकों के शुरू होने से लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए बड़े अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।