किशनगंज के पौआखाली इलाके में स्थित एक आइसक्रीम फैक्ट्री में कंप्रेशर फटने से हादसा हो गया। इस हादसे में फैक्ट्री के मालिक सुजीत कुमार सिन्हा (35) और कर्मचारी नीरज कुमार राय (25) घायल हो गए। घटना के समय दोनों कंप्रेशर के पास काम कर रहे थे। अचानक जोरदार धमाका हुआ और धुआं फैल गया। धमाके की आवाज से आसपास के लोग सहम गए। दोनों घायलों के शरीर पर गहरे जख्म और जलने के निशान हैं। घटना आज दोपहर 1 बजे की है। घायलों की स्थिति गंभीर स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन्हें किशनगंज सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की स्थिति गंभीर है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेजने की तैयारी की जा रही है। तकनीकी खराबी या ओवर प्रेशर के कारण विस्फोट पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कंप्रेशर में तकनीकी खराबी या ओवर प्रेशर के कारण विस्फोट हुआ हो सकता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाता था। पौआखाली थानाध्यक्ष आशुतोष मिश्रा ने घटनास्थल का जायजा लिया है और मामले की जांच जारी है।