कुत्ता एक, मालिक के दावेदार दो। ये दिलचस्प मामला हमीरपुर का है। यहां कुत्ते पर मालिकाना हक की लड़ाई थाने तक पहुंच गई। दो लड़कियां लेब्राडोर प्रजाति के कुत्ते शेरू पर अपना दावा कर रही थीं। करीब 7 घंटे तक पुलिस के सामने दोनों पक्षों में पंचायत हुई, लेकिन हल नहीं निकला। पुलिस ने दोनों पक्ष से कुत्ते के मालिकाना हक के सबूत मांगे और घर भेज दिया। दोनों को मंगलवार को कागजात के साथ थाने बुलाया गया। पुलिस ने केयरटेकर के तौर पर कुत्ते को एक पक्ष के हवाले किया है। मामला सुमेरपुर थाने क्षेत्र का है। प्रधान ने दी गवाही- हां मैंने कुत्ते को देखा है
दरअसल, कुंडौरा गांव के श्रीपत कुशवाहा की बेटी सेजल कुशवाहा (16) के पास शेरू नाम का कुत्ता है। सेजल का कहना है कि कुत्ता पिछले 7 महीने से उनके पास है। सोमवार को सेजल के घर के बाहर सुमेरपुर कस्बे के घनश्याम यादव की बेटी चाहत यादव (9) ने ‘शेरू’ को देखा और चुपचाप ले गई। सेजल को जब इस बात का पता चला तो वह दोपहर 12 बजे थाने पहुंच गई। इसके बाद दूसरे पक्ष को भी थाने बुलाया गया। कुत्ता शेरू भी वहां लाया गया। कोतवाली प्रभारी अनूप कुमार सिंह ने दोनों पक्षों को आमने–सामने बैठाया। ग्राम प्रधान अरविंद प्रताप को भी थाने बुलाया। उनसे कुत्ते के बार में पूछा तो प्रधान ने पुलिस को बताया कि उन्होंने इस कुत्ते को सेजल के घर में ही देखा है। शाम 7 बजे तक पंचायत चली, लेकिन नतीजा नहीं निकला। दोनों से शेरू के मालिकाना हक के सबूत मांगे गए। कुत्ते को भाई घुमाने ले गया, तभी खो गया था
चाहत यादव ने बताया– यह कुत्ता हम अपनी बुआ के यहां से लाए थे। एक हफ्ते पहले शेरू को भाई बाहर घुमाने ले गया था। इसी दौरान वह खो गया था। तब हमारे भाई ने अपने कुछ साथियों को लगाया था कि हमारे शेरू को ढूंढवा दो। इसी दौरान सूचना मिली कि कुत्ता कुंडौरा में बंधा हुआ है। शेरू खोने के बाद से मैंने खाना नहीं खाया
चाहत ने कहा- हम पिता जी के साथ गांव गए। घर वालों को आवाज दी किसी ने सुना नहीं तो हमने अपना शेरू खोल लिया। जिस समय हमने कुत्ता खोला, वहां कुछ औरतें मौजूद थीं। जिन्होंने कुत्ता खोलते टाइम आपत्ति भी नहीं की। कुत्ते खो जाने के बाद से उसने खाना नहीं खाया। वह बीमार हो गई। सब्जी वाले ने बताया कुत्ते को चाहत खोलकर ले गई
सेजल ने कहा– यह कुत्ता मेरा है। जिसे यह लोग बिना बताए खोल लाए थे। हम कुत्ते की तलाश कर रहे थे, तभी हमारे गांव के सब्जी वाले ने बताया कि घनश्याम यादव के साथ कुत्ते को देखा गया है। सेजल ने बताया कि इस कुत्ते को 7 माह से उन्होंने ही पाला है। एसओ बोले- कल दोनों पक्षों को फिर थाने बुलाया गया
एक कुत्ते पर दो लोगों की दावेदारी से पुलिस भी असमंजस में पड़ गई। पुलिस ने दोनों पक्षों से मालिकाना हक के दस्तावेज मांगे। कोतवाली प्रभारी अनूप कुमार सिंह ने बताया– नतीजा ना निकल पाने की वजह से अभी कुत्ते को घनश्याम यादव की सुपुर्दगी में दिया गया है। कल एक बार फिर दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। इसके बाद फैसला होगा कि कुत्ता किसके पास रहेगा। ——————————- ये खबर भी पढ़ें… फतेहपुर में सिपाही ने पिता की पीट-पीटकर हत्या की, फिर लाश के पास बैठा रहा; मां-भाई पर भी किया हमला फतेहपुर में सिपाही बेटे ने पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पिता से पैसे मांगे थे। मना करने पर गुस्से में धक्का देकर गिरा दिया। फिर ईंट से सिर कूचकर मार डाला। आरोपी ने पिता को बचाने आई मां को भी धक्का दिया। भाई और भाभी पर भी हमला किया। हमले में भाई को गंभीर चोटें आई हैं। पढ़ें पूरी खबर…